नई दिल्ली : श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन (7 अगस्त) भारतीय गेंदबाज संघर्ष करते नजर आए। पहले सत्र में कोई सफलता नहीं मिलने के बाद दूसरे सत्र में भारत ने तीन विकेट जरूर हासिल किए, लेकिन गेंदबाजी में अपेक्षित धार नहीं दिखी। मानव सुतार और रविन्द्र जडेजा ने एक-एक विकेट लेकर साझेदारियां तोड़ीं, हालांकि श्रीलंकाई बल्लेबाजों की रनगति पर खास असर नहीं पड़ा। दूसरे सत्र के अंतिम ओवर में गुरनूर बरार ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने पवन रत्नायके को आउट कर श्रीलंका इलेवन को झटका दिया। इसके बावजूद मेजबान टीम पूरे सत्र में बल्लेबाजी पर नियंत्रण बनाए रखने में सफल रही और भारतीय गेंदबाजों को लगातार दबाव में रखा।
दूसरे सत्र के अंत में कुलदीप यादव को भी गेंदबाजी का मौका मिला, लेकिन उन्होंने केवल दो ओवर ही डाले। इसके अलावा सारांश जैन को भी आजमाया गया, हालांकि वह भी बल्लेबाजों पर खास असर नहीं छोड़ सके। चायकाल तक श्रीलंका इलेवन ने 59.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 246 रन बना लिए थे। दूसरे सत्र में रविन्दु रसंता ने 71 रन और पसिंदु सोरियाबंदरा ने 35 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि भारत की ओर से रविन्द्र जडेजा, मानव सुतार और गुरनूर बरार ने एक-एक विकेट अपने नाम किए। बावजूद इसके, भारतीय गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं हो सके और मेजबान टीम ने मजबूत स्थिति हासिल कर ली।
श्रीलंका इलेवन के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू
पसिंदु सोरियाबंदरा को रविंद्र जडेजा ने बोल्ड किया। उन्होंने 35 रन बनाए। रविंदु रसंता के साथ 61 रनों की साझेदारी हुई। मानव सुतार ने रविंदु रसंता को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। उन्होंने 143 गेंद पर 71 रन बनाए। उन्होंने पवन रत्नायके के साथ 30 रनों की साझेदारी की। पवन रत्नायके को गुरनूर बरार ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 39 रन बनाए। उनकी अहान विक्रमसिंघे के साथ 45 रनों की साझेदारी हुई।
भारतीय टीम ने आजमाए 7 गेंदबाज, सफलता रही सीमित
भारतीय टीम ने पहले दिन कुल सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन अधिकांश गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं रहे। मोहम्मद सिराज ने 9 ओवर में 30 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। प्रसिद्ध कृष्णा भी 8 ओवर में 32 रन खर्च करने के बावजूद खाता नहीं खोल सके। स्पिन विभाग में रविन्द्र जडेजा ने 12 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट, मानव सुतार ने 11 ओवर में 30 रन देकर 1 विकेट और गुरनूर बरार ने 6.3 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं कुलदीप यादव ने 7 ओवर में 35 रन दिए, जबकि सारांश जैन ने 6 ओवर में 28 रन खर्च किए। कुल मिलाकर भारतीय गेंदबाजों को सीमित सफलता मिली और श्रीलंका इलेवन ने दिनभर बल्लेबाजी में बढ़त बनाए रखी।


