नई दिल्ली : भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन सोमवार, 24 अगस्त को चाय के विश्राम तक आठ विकेट पर 475 रन बना लिए। ध्रुव जुरेल 95 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे, जबकि मोहम्मद सिराज अभी अपना खाता नहीं खोल पाए थे। दूसरे सत्र की शुरुआत ऋषभ पंत के विकेट से हुई। इसके बाद बारिश के कारण सत्र का खेल निर्धारित समय से पहले समाप्त करना पड़ा।
भारत की नजर अब जुरेल के शतक और स्कोर को 500 रन के पार पहुंचाने पर होगी। पहले सत्र में संयमित बल्लेबाजी के बाद दूसरे सत्र में पंत ने पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास। वह केशारा नुवांथा की गेंद पर लहिरू उदारा को कैच दे बैठे। पंत ने 89 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। पंत के आउट होने के बाद मानव सुतार क्रीज पर आए। उन्होंने 51 गेंद पर 18 रन बनाए और जुरेल के साथ 39 रनों की साझेदारी की।
जुरेल का आक्रामक अंदाज, ज्यादा गेंदें खुद खेलने लगे
सुतार को प्रभात जयसूर्या ने पवेलियन भेजा। इसके बाद मोहम्मद सिराज क्रीज पर आए और ध्रुव जुरेल ने अपने पास ज्यादा स्ट्राइक रखना शुरू कर दिया। उन्होंने सिराज के साथ 17 रन जोड़ दिए हैं। 132वें ओवर की दूसरी गेंद पर असिता फर्नांडो को चौका जड़कर जुरेल शतक के करीब आए तभी बारिश के कारण खेल रोक दिया गया और चायकाल हो गया। जुरेल ने 155 गेंद पर 9 चौके की मदद से 95 रन बनाए हैं।
पंत-जुरेल ने 7वें विकेट के लिए जोड़े 112 रन
पंत और जुरेल ने 7वें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। उस समय जुरेल 59 रन पर थे, लेकिन उन्हें सुथार के रूप में अच्छा साथी मिला, जिनके साथ उन्होंने आठवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सुथार को बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने आउट किया, जिन्होंने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दिया।
भारत ने पहले सत्र में जोड़े 119 रन
भारत ने दूसरे दिन सुबह पांच विकेट पर 300 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई और पहले सत्र में 119 रन जोड़े। श्रीलंका को दिन की शुरुआत में ही सफलता मिल गई, जब असिथा फर्नांडो ने सारांश जैन को दूसरी स्लिप में कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। वहीं, ऋषभ पंत रविवार को मैच के पहले दिन लाहिरु कुमारा की गेंद हाथ में लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उन्होंने दूसरे दिन तीन रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई और दो घंटे से अधिक समय तक क्रीज पर बल्लेबाजी कर चोट को लेकर उठ रही चिंताओं को काफी हद तक दूर कर दिया।


