नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो के बीच हुई तीखी झड़प पर आईसीसी ने कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। इसके तहत जायसवाल और फर्नांडो, दोनों पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही दोनों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।
मामला कोलंबो टेस्ट के पहले दिन के पहले सत्र का है। यशस्वी जायसवाल आउट होने के बाद पवेलियन लौट रहे थे। उन्हें तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो ने कुछ कहा। पवेलियन जा रहे जायसवाल पीछे मुड़े और फर्नांडो की बढ़ गए। दोनों के बीच बहस हुई। इस दौरान हेलमेट पहने यशस्वी ने अपना सिर फर्नांडो के सिर से लड़ाया। 25 प्रतिशत के जुर्माने के साथ यशस्वी सस्ते में छूट गए। लेवल एक के उल्लंघन के लिए न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक हैं।
आर्टिकल 2.12 के उल्लंघन पर दोनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो ने आईसीसी की आचार संहिता के आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।


