एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट आयोजन पर मंडराए सवाल, कई बोर्ड ने जताई चिंता

0

नई दिल्ली : जापान के पोर्ट हब नागोया के पूर्वी क्षेत्र में स्थित निशिन शहर में करीब तीन सप्ताह बाद दुनिया के कई बेहतरीन क्रिकेटर एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी 19 सितंबर को होगी, जबकि क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत 17 सितंबर से ही हो जाएगी। इस प्रतियोगिता में जसप्रीत बुमराह, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा जैसे बड़े भारतीय खिलाड़ी भी नजर आ सकते हैं। हालांकि, क्रिकेट आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) समेत कई क्रिकेट बोर्ड ने चिंता जताई है।

आपको बता दें कि क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होगा। यह एक बेसबॉल ग्राउंड था जिसे इसी साल मार्च में इस आयोजन के लिए तैयार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सबसे पहले व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई थी। एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के साथ बैठक के दौरान यह मुद्दा उठाया गया था। भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान क्रिकेट के बोर्ड ने भी इस पर पीसीबी का समर्थन किया।

नगोआ की क्रिकेट व्यवस्थाओं का एसीसी प्रतिनिधि लेंगे जायजा

इसके बाद यह फैसला लिया गया है कि एसीसी अपने प्रतिनिधियों को जापान के इस क्रिकेट वेन्यू की रेकी और खिलाड़ियों की रहने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए भेजेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,”यह एकदम नया ग्राउंड है और पिच की क्वालिटी पर भी सवालिया निशान हैं। पिच एकदम नई है और इस पर मई में सिर्फ एक टूर्नामेंट ही हुआ है। इस कारण इसका बहुत ज्यादा टेस्ट नहीं हुआ है और यहां ठीकठाक ड्रेसिंग रूम भी नहीं हैं।”

बीसीसीआई ने इस मामले पर भारतीय ओलंपिक संघ और एशियन गेम्स की ऑर्गनाइजिंग कमेटी से भी बात करने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर IOA के अधिकारी ने कहा,”हमारा क्रिकेट से जुड़े तकनीकी मामलो में कोई हस्तक्षेप नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई को ऑर्गनाइजिंग कमेटी से बात करने को कहा है।” मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एशियन गेम्स की ऑर्गनाइजिंग कमेटी की तरफ से इन सवालों का मेल पर कोई जवाब नहीं दिया गया है।

होटल के छोटे कमरों ने बढ़ाई क्रिकेट बोर्ड की चिंता

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेटरों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है। खिलाड़ियों के लिए तय होटल आयोजन स्थल से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस बार खेल गांव की व्यवस्था नहीं की गई है और करीब 15 हजार खिलाड़ियों के लिए तीन तरह की रहने की व्यवस्था की गई है, जिसमें क्रूज, गेम्स विला और होटल शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एशियाई ओलंपिक काउंसिल के अनुसार, क्रिकेटरों के अलावा बैडमिंटन, फुटबॉल और सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों को भी नगोआ के होटलों में ठहराया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसको लेकर अधिकारी ने बताया,”होटल के जो कमरे बताए गए हैं उसमें दो लोगों का रहना मुश्किल है और उनके किट बैग व अन्य सामान के साथ दो लोगों के लिए यह बहुत छोटा है। यह एक बड़ी समस्या है कि होटल के कमरे छोटे हैं। अगर एक खिलाड़ी अपना किट बैग खोलेगा तो वहां खड़े होने तक की खास जगह नहीं बचेगी। हम इस समस्या को दूर करने के लिए इसका हल निकालने की कोशिश में लगे हैं।”

भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें 14 या 15 सितंबर को नगोआ पहुंच सकती हैं। महिला क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत 17 सितंबर से होगी, जहां हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज मेजबान जापान के खिलाफ करेगी। वहीं, भारतीय पुरुष टीम सीधे क्वार्टरफाइनल चरण में 28 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी। इससे पहले पुरुष टीम दो क्लब टीमों और जापान के खिलाफ अभ्यास मैच खेलकर अपनी तैयारियों को पुख्ता कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here