नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन के उप-कप्तान वैभव सूर्यवंशी बल्ले से भले ही प्रभाव नहीं छोड़ सके, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वैभव ने महज चार गेंदों के अंदर दो विकेट चटकाकर सभी का ध्यान खींचा। बीसीसीआई की ओर से जारी एक वीडियो में उन्होंने अपनी गेंदबाजी को लेकर मजेदार खुलासा किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव ने बताया कि इशान किशन उन्हें गेंद सौंपने से डर रहे थे और उन्हें पता ही नहीं था कि वह विकेट लेने की क्षमता रखते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “किसी भी बल्लेबाज से पूछोगे तो उसे गेंदबाजी करने में मजा आता है। इसी तरह गेंदबाज को बल्लेबाजी और बल्लेबाज को गेंदबाजी करने में भी उतना ही मजा आता है। जब विपक्षी टीम का विकेट नहीं गिर रहा था तो मुझे दो-तीन ओवर गेंदबाजी करने के लिए कहा गया। इशान भैया को लगा कि वह जोखिम लेकर मुझे गेंद दे रहे हैं। उन्हें पता ही नहीं था कि मैं विकेट टेकर हूं।”
टीम के लिए गेंद से योगदान देना रहा खास अनुभव
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव ने कहा, ‘मेरे दिमाग में इतना ही था कि मैं 5 विकेट भी लूंगा बॉलिंग मुझे 3 ही ओवर मिलने वाली है। उसमें मैं जितना अच्छा डाल सकता हूं, एक जगह पर बॉलिंग करके मैं बॉलिंग कंपलिट करूंगा। काफी मजा आया क्योंकि बैटिंग में उतना अच्छा गया नहीं तो बॉलिंग में योगदान देकर टीम के लिए काफी मजा आया। कभी बैटर विकेट ले तो उसे ज्यादा मजा कभी नहीं करते तो काफी मजा आया।’
वैभव सूर्यवंशी ने चटकाए 2 विकेट
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी ने अपना पहला विकेट किशन लिंगदोह का लिया। उन्होंने फुल लेंथ गेंद फेंकी, जिस पर किशन ने आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से नहीं आई और वह कैच आउट हो गए। इसके बाद सूर्यवंशी ने सिर्फ तीन गेंदों के अंदर अपना दूसरा विकेट भी हासिल कर लिया। इस बार उन्होंने इमलीवती लेमटुर को तेज गेंद डाली, जिस पर विकेटकीपर इशान किशन ने शानदार कैच लपक लिया। इस तरह सूर्यवंशी ने महज चार गेंदों के भीतर दो विकेट झटककर गेंद से अपना प्रभाव छोड़ा।


