नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 के 23वें मैच में शुक्रवार, 28 अगस्त को काशी रूद्रास ने नोएडा सुपर किंग्स को 67 रन से हराया। काशी रूद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 217 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में नोएडा सुपर किंग्स की टीम 18.4 ओवर में 150 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ काशी रूद्रास को अंक तालिका में फायदा मिला। वहीं, रिंकू सिंह की अगुआई वाली मेरठ मैवेरिक्स का शीर्ष स्थान बरकरार है।
मेरठ मैवेरिक्स ने अब तक सातों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और सात मैचों में सात जीत के साथ अंक तालिका में सबसे ऊपर है। मेरठ मैवेरिक्स के 14 अंक हैं। बाकी किसी भी टीम के 8 से ज्यादा अंक नहीं हैं। लखनऊ फाल्कंस, काशी रुद्रास और नोएडा सुपर किंग्स के 8-8 अंक हैं। भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली लखनऊ ने सिर्फ 7 मैच खेले हैं। गोरखपुर लायंस के 6 और कानपुर सुपरस्टार्स के 2 अंक हैं। समीर रिजवी की अगुआई वाली कानपुर सिर्फ 1 मैच जीती है।
23 मैचों के बाद यूपी टी20 लीग के टॉप-5 बल्लेबाज
यूपी टी20 लीग 2026 के टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करें तो काशी रुद्रास के करण शर्मा शीर्ष पर हैं। उन्होंने 298 रन बनाए हैं। लखनऊ के आदर्श सिंह ने 275 रन बनाए। स्वास्तिक चिकारा ने 248 रन बनाए। अभिषेक गोस्वामी ने 241 रन बनाए। मोहम्मद सैफ ने 220 रन बनाए।
यूपी टी20 लीग 2026 के टॉप-5 गेंदबाज
यूपी टी20 लीग 2026 के टॉप-5 गेंदबाजों की बात करें तो जीशान अंसारी शीर्ष पर हैं। उन्होंने 17 विकेट लिए। अभिनंदन सिंह ने 16, नमन तिवारी ने 13, विजय यादव ने 12 और अजय कुमार ने 12 विकेट झटके हैं।


