नई दिल्ली : मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने आगामी रणजी सीजन से पहले टीम की कप्तानी में बदलाव किया है। शार्दुल ठाकुर की जगह अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को मुंबई का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शार्दुल को वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए कप्तानी की जिम्मेदारी से हटाया गया है। वहीं, सिद्धेश लाड पिछले सीजन भी शार्दुल ठाकुर की गैरमौजूदगी में मुंबई की कप्तानी कर चुके हैं। पिछले रणजी सीजन में लाड ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 774 रन बनाए थे।
शार्दुल ठाकुर ने 2025-26 सत्र के लिए अजिंक्य रहाणे की जगह मुंबई की कप्तानी संभाली थी, जिसमें 42 बार की रणजी ट्रॉफी विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में ही बाहर हो गई थी। हालांकि, लाड ने अपने बल्ले का जादू दिखाया था। उन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में 8 मैच खेलते हुए 77.40 की औसत से 774 रन बनाए थे जिसमें पांच शतक और एक अर्धशतक शामिल था। बता दें कि 34 वर्षीय लाड बीच में मुंबई को छोड़कर गोवा चले गए थे। फिर उन्होंने एक साल की ‘कूल ऑफ’ अवधि पूरी करने के बाद 2024-25 में मुंबई की टीम में वापसी की थी।
अब सिद्धेश लाड आगामी रणजी ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करते नजर आएंगे। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक शीर्ष अधिकारी ने लाड की नियुक्ति की पुष्टि की है। रणजी ट्रॉफी के नए सत्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी और मुंबई अपने अभियान का आगाज चंडीगढ़ के खिलाफ करेगी। हालांकि, शार्दुल ठाकुर को कप्तानी की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है, लेकिन वह टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चयन समिति का मानना है कि शार्दुल पर कप्तानी का अतिरिक्त दबाव नहीं होना चाहिए, ताकि वह अपने खेल पर पूरा ध्यान दे सकें और उनके वर्कलोड को भी बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सके।
रणजी में कैसा रहा सिद्धेश लाड का प्रदर्शन?
सिद्धेश लाड के करियर रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 क्रिकेट को मिलाकर 8 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 82 फर्स्ट क्लास मैचों में 5,623 रन और 8 विकेट दर्ज हैं। वहीं लिस्ट-ए क्रिकेट में लाड ने 56 मैचों में 1,571 रन बनाने के साथ 20 विकेट भी हासिल किए हैं। टी20 प्रारूप में उन्होंने 61 मैचों में 944 रन बनाए हैं और उनके नाम 23 विकेट भी दर्ज हैं।


