नई दिल्ली : दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन के सामने जीत के लिए 159 रन का लक्ष्य है। सेंट्रल जोन की टीम अपनी दूसरी पारी में 50.2 ओवर खेलकर 158 रन पर ऑलआउट हो गई। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सेंट्रल जोन के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। वहीं, सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार और स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह एक बार फिर बल्ले से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।
पहली पारी में सेंट्रल जोन ने 266 रन बनाए थे, जवाब में ईस्ट जोन की टीम भी अच्छी शुरुआत के बाद 266 पर सिमट गई थी। तीसरे दिन 45 रन पर तीन विकेट से आगे खेलने उतरी सेंट्रल जोन की पारी को अमन मोखाडे ने आगे बढ़ाया। उन्होंने 41 रन की पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। रिंकू सिंह ने सिर्फ 20 रन का योगदान दिया। कप्तान रजत पाटीदार सिर्फ 5 रन बनाकर ही दूसरे दिन पवेलियन लौट गए थे।
सेंट्रल जोन के 97 रन पर ही आठ विकेट गिर गए थे। इसके बाद हर्ष दुबे के 24 और अरशद खान के 25 रन की अहम पारियों ने टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। सेंट्रल जोन दूसरी पारी में 158 रन पर ऑलआउट हो गया, जिससे ईस्ट जोन को फाइनल में जगह बनाने के लिए 159 रन का लक्ष्य मिला। ईस्ट जोन की ओर से दूसरी पारी में मुकेश कुमार ने चार और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट झटके। मुकेश ने पहली पारी में भी तीन विकेट लिए थे, जबकि शमी ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की नजरें
इसके अलावा अनुकूल रॉय, मोहम्मद कौनैन कुरैशी और अभिजीत सरकार ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। अब ईस्ट जोन के बल्लेबाजों पर टीम को फाइनल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। ऐसे में सभी की नजरें पहली पारी में 81 गेंदों पर 92 रन की शानदार पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। वैभव ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहली पारी में 161 रन की बेहतरीन ओपनिंग साझेदारी की थी। हालांकि, इसके बाद ईस्ट जोन की पूरी टीम 266 रन पर ऑलआउट हो गई थी।


