नई दिल्ली : एशिया कप 2026 के महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका के साथ हुआ। इस मैच में श्रीलंका को जीत के लिए कठिन लक्ष्य मिला था, लेकिन कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। वहीं इस हार के बाद पाकिस्तान की टीम अब इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और फिर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की। हालांकि बारिश की वजह से मैच कुछ देर से शुरू हुआ, लेकिन पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 177 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने 17.5 ओवर में 2 विकेट पर 178 रन बनाकर मैच को आसानी से जीत लिया। पाकिस्तान के लिए शवाल जुल्फिकार, आयशा जफर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी ये पारी बेकार हो गई।
श्रीलंका को जीत के लिए आसान लक्ष्य तो नहीं मिला था, लेकिन कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने इसे आसान बना दिया। चमारी अट्टापट्टू ने इस मैच में 50 गेंदों पर नाबाद 83 रन की पारी खेली और इस दौरान 6 छक्के और 7 चौके भी लगाए। श्रीलंका की तरफ से इमेशा दुलानी ने 21 गेंदों पर 27 रन जबकि हसिनी परेरा ने 26 गेंदों पर 42 रन की पारी खेलकर अपनी कप्तान का भरपूर साथ दिया। हर्षिता समरविक्रमा ने भी 12 गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए।


