नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम मंगलवार, 22 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में अपने पिछले स्वर्ण पदक का बचाव करने के इरादे से उतरेगी, जबकि श्रीलंकाई टीम के सामने हाल ही में एशिया कप फाइनल में मिली हार के बाद वापसी करने की चुनौती होगी। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह गोल्ड मेडल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां भारतीय टीम की नजर एक बार फिर स्वर्ण पदक अपने नाम करने पर होगी।
भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में जापान को 8 विकेट से हराया था। वहीं दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 114 रनों से हराते हुए फाइनल में एंट्री की थी। अब तक इन दोनों मुकाबलों में शैफाली वर्मा ने भारत के लिए बेहतरीन बल्लेबाजी की है। दो मैचों में 140 रन के साथ वह टूर्नामेंट की सेकंड टॉप स्कोरर हैं। भारतीय टीम फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ बिना किसी बदलाव के उतर सकती है। हालांकि, टीम इंडिया के लिए अब तक नंबर 3 की बड़ी समस्या रही है। प्रतिका रावल के बाहर होने के बाद जी. कमालिनी को यह जिम्मेदारी मिली है, मगर वह खास योगदान नहीं दे पाई हैं। अब तक गेंदबाजों ने भारतीय टीम को इस कमी का एहसास नहीं होने दिया है। श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया का असली टेस्ट हो सकता है।
श्रीलंकाई टीम की बात करें तो महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में मिली हार को छोड़ दें तो टीम का प्रदर्शन लगातार प्रभावी रहा है। मौजूदा एशियन गेम्स में कप्तान चमारी अट्टापट्टू भी अच्छी फॉर्म में नजर आ रही हैं, जबकि एशिया कप के दौरान उनका बल्ला अपेक्षाकृत शांत रहा था। ऐसे में फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को श्रीलंकाई बल्लेबाजी से सतर्क रहना होगा। एशिया कप के बाद दोनों टीमों के बीच एक बार फिर खिताबी मुकाबला होने जा रहा है और श्रीलंका इस बार भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेगा।
गोल्ड मेडल मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़।
गोल्ड मेडल मैच के लिए श्रीलंका की संभावित प्लेइंग 11
इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समराविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा गुणारत्ने, कौशानी नुत्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या काविंदी, चमुदी प्रबोदा, सुगंदिका कुमारी।
एशियाई खेलों के लिए दोनों टीमों के स्क्वाड
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा।
श्रीलंकाई टीम: इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समराविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुत्यांगना, मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेवांडी, निमाशा मीपागे, संजना काविंदी और अनुष्का संजीवनी।


