नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। 18 साल तक फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे स्टीफन फ्लेमिंग के अलग होने के बाद जहीर खान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जहीर फ्रेंचाइजी के साथ इस शर्त पर जुड़े हैं कि उन्हें अपनी पसंद का सपोर्ट स्टाफ चुनने की स्वतंत्रता होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वहीं, फ्रेंचाइजी के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी अपडेट सामने आया है कि वह खिलाड़ी के तौर पर टीम के लिए उपलब्ध हैं। 47 वर्षीय जहीर खान 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े रहे, जहां उन्होंने पहले डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस और बाद में ग्लोबल हेड ऑफ डेवलपमेंट की भूमिका निभाई। इसके बाद 2024 में वह एक सीजन के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर भी रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जहीर को एक साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है, जिसे बढ़ाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, ‘हमें जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच के तौर पर जोड़ते हुए खुशी हो रही है। जहीर का शानदार करियर और युवा टैलेंट को निखारने की काबिलियत हमारे सेटअप के लिए बेशकीमती बनाती है। हमें यकीन है कि उनके मार्गदर्शन से इस फ्रेंचाइजी के कोर को मजबूत करने में मदद मिलेगी।’
जहीर खान ने CSK का हेड कोच बनने पर क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जहीर ने चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ने पर कहा, ‘आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर, मैंने मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना किया है और मुकाबलों का पूरा मजा लिया है। चेपक में सुपरफैन्स ने जो माहौल बनाया है वह इसे और भी खास बनाता है। मैं इस शानदार विरासत वाली फ्रेंचाइजी में से जुड़ने का इंतजार नहीं कर सकता।’
जहीर खान तक कैसे पहुंची CSK की नजर?
हेमंग बदानी भी दावेदारों में थे, लेकिन इस बात पर सवाल था कि क्या उम्मीदवार शर्तें मानेंगे। फ्लेमिंग के हटने के बाद फ्रेंचाइजी एक इंडियन कोच चाहती थी और पिछले कुछ महीनों में कई उम्मीदवारों से बात की, फिर जहीर को चुना। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर काशी विश्वनाथन ने बताया, एमएस ने ही जहीर का नाम सुझाया था और रूपा और ऋतुराज गायकवाड़ वाली क्रिकेट मैनेजमेंट टीम इस बात पर सहमत थी कि वह इस रोल के लिए सही हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ आईपीएल में काम करने का पहले का अनुभव है और इसे देखते हुए हमें लगा कि वह सही विकल्प हैं।’
IPL 2027 में खिलाड़ी के रूप में उपलब्ध रहेंगे धोनी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धोनी को फ्लेमिंग का उत्तराधिकारी चुनने की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने अलग-अलग उम्मीदवारों से बात की और अमेरिका से लौटने के बाद पिछले कुछ दिनों में मालिकों और कुछ रेस में शामिल लोगों के साथ आखिरी राउंड की बातचीत की। धोनी के भविष्य के बारे में विश्वनाथन ने कहा, ‘जैसे हालात हैं वह एक खिलाड़ी के तौर पर उपलब्ध हैं।’
फ्रेंचाइजी को चाहिए था जहीर जैसा अनुभवी कोच
फ्रेंचाइजी को ऐसा कोच चाहिए था जो सिर्फ आईपीएल पर फोकस करे और दुनिया भर की दूसरी फ्रेंचाइजी से उसका कोई लेना-देना न हो। 2011 में भारत की वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज जहीर इस मानक पर फिट बैठते हैं। यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में एंटवर्प एंकर्स के को-ओनर होने के अलावा उनका किसी दूसरी ग्लोबल लीग से कोई लेना-देना नहीं है। इससे उन्हें अपने परिवार के लिए भी समय मिल जाता है। उनके काम करने का तरीका और शांत स्वभाव चेन्नई सुपर किंग्स की टीम माहौल से मेल खाता है।
अपनी पसंद का सपोर्ट स्टाफ चुनेंगे जहीर खान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विश्वनाथन ने कहा, ‘हमें जहीर से बेहतर कोच नहीं मिल सकता था। उन्हें यह रोल लेने के लिए मनाना आसान नहीं था। इसमें कुछ समय लगा, लेकिन आखिरकार वह मान गए। जहीर ने अपना सपोर्ट स्टाफ चुनने के लिए समय मांगा है और फ्रेंचाइजी मान गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विश्वनाथन ने कहा, ‘उन्हें अपना सपोर्ट स्टाफ चुनने का मौका मिलेगा।’ श्रीधरन श्रीराम और राजीव कुमार के अपने रोल में बने रहने की उम्मीद है। फ्रेंचाइजी अभी भी एक कोचिंग रोल के लिए किसी विदेशी कैंडिडेट की तलाश कर रही है। संभवत: बैटिंग कोच के लिए।
ऑक्शन की तैयारियों पर जहीर खान की नजर
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नए हेड कोच की तलाश आसान नहीं थी। मौजूदा आईपीएल साइकल में मेगा ऑक्शन से पहले सिर्फ एक साल का समय बचा है और नए कोच को मौजूदा खिलाड़ियों के साथ ही काम करना है, ऐसे में इस भूमिका के लिए उम्मीदवारों की संख्या सीमित थी। जहीर खान के सामने सबसे पहली बड़ी जिम्मेदारी दिसंबर में होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों के रिटेंशन को अंतिम रूप देने की होगी। चेन्नई सुपर किंग्स लगातार 3 सीजन से प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई है। टीम के प्रदर्शन का असर फ्रेंचाइजी के रेवेन्यू पर भी पड़ा है, ऐसे में अगले सीजन से पहले टीम में बदलाव और नई रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी जहीर खान पर होगी।


