नई दिल्ली : पुरुष हॉकी में पूल-ए के मैच में भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हरा दिया। भारत ने कोरिया पर हाफटाइम तक 5-0 की बढ़त बना ली थी। भारत के लिए शिलानंद लाकरा ने चौथे मिनट, सुखजीत सिंह ने नौवें मिनट में गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग भारत को 3-0 से आगे कर दिया। इसके एक मिनट बाद अभिषेक ने गोल दागा। फिर दिलप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में गोल दाग भारत को 5-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने दो और गोल दागे, जबकि कोरिया की ओर से भी पहला गोल हुआ।
भारत की ओर से दिलप्रीत ने 32वें मिनट में अपना दूसरा गोल और अभिषेक ने 38वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र गोल किम जैहो ने 42वें मिनट में किया। तीसरे क्वार्टर तक भारत 7-1 से आगे थे। फिर चौथे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया की ओर से किम योंगबोक ने 52वें मिनट में गोल दाग स्कोर 7-2 कर दिया। वहीं, रजिंदर सिंह ने 60वें मिनट में गोल दागा और स्कोर 8-2 कर दिया। आखिर तक यही स्कोरलाइन रहा और भारत ने जीत हासिल की। अब पूल स्टेज में ही भारत का सामना जापान से होगा। भारत की नजरें एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के डायरेक्ट क्वालिफिकेशन हासिल करने पर हैं।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ 64 साल बाद टूटा कौन सा रिकॉर्ड?
- भारत और दक्षिण कोरिया के बीच छह गोल का अंतर रहा। यह पुरुष हॉकी में गोल के अंतर के मामले में भारत की दक्षिण कोरिया के खिलाफ एशियाड में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 1962 एशियन गेम्स में कोरिया को 5-0 से हराया था। यानी तब भारत की जीत का अंतर पांच गोलों का था।
- अब 2026 एशियन गेम्स में 8-2 से भारत की दक्षिण कोरिया पर जीत में गोल का अंतर छह गोल का रहा और 1962 का 64 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। भारत को अभी भी पूल स्टेज में जापान और बांग्लादेश का सामना करना है। ये मैच क्रमश: 26 और 28 सितंबर को खेले जाएंगे।
- वहीं, पहली बार भारत और दक्षिण कोरिया के बीच पुरुष हॉकी के किसी मैच में कुल मिलाकर नौ या इससे ज्यादा गोल पड़े। इससे पहले भारत ने दक्षिण कोरिया को इससे पहले दो मैचों में 5-3, 5-3 के अंतर से हराया था। यानी तब आठ गोल पड़े थे, जो सबसे ज्यादा था।


