एशियाड स्क्वाश: अनाहत और तन्वी की भिड़ंत तय, 4 भारतीयों ने भी दर्ज की जीत

0

नई दिल्ली : अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, अभय सिंह और वीर चोटरानी ने एशियन गेम्स की स्क्वाश स्पर्धा के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी ने मिश्रित युगल के अंतिम आठ में प्रवेश किया। जूनियर विश्व चैंपियन और पदक की दावेदार अनाहत सिंह ने महिला एकल के मुकाबले में सिंगापुर की वाई इयिन औ येओंग को महज 19 मिनट में 3-0 से हराया। अनाहत ने मुकाबला 11-4, 11-5 और 11-7 के स्कोर से अपने नाम किया और शानदार अंदाज में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद भी पदक की गारंटी नहीं

इसके बाद तन्वी ने भी सिंगापुर की वाई यान औ येओंग को 39 मिनट में 3-1 (5-11, 11-4, 11-5, 13-11) से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इन नतीजों के साथ महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में अनाहत और तन्वी के बीच मुकाबला तय हो गया है। पिछले एशियन गेम्स के विपरीत इस बार स्क्वाश की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का पदक पक्का नहीं होगा। कांस्य पदक के लिए सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे-चौथे स्थान का मुकाबला खेला जाएगा।

स्क्वाश में अभय सिंह का दमदार प्रदर्शन

पुरुष एकल में अभय सिंह ने दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका के रविंदु लक्सिरी को 25 मिनट में 3-0 (11-5, 11-6, 11-0) से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल में अभय का सामना मेजबान जापान के रयोउनोसुके से होगा। चोटरानी को मलयेशिया के संजय जीवा के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने एक घंटे नौ मिनट चले रोमांचक मुकाबले में 3-2 (11-9, 8-11, 11-6, 15-17, 11-6) से जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत पाकिस्तान के इरफान मुहम्मद से होगी।

इससे पहले दिन में अनुभवी जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने हमवतन सूरज चंद और शमीना रियाज को सीधे गेम में हराकर मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी भारतीय जोड़ी ने ऑल-इंडियन मुकाबले में 11-7, 11-10 से जीत दर्ज की। अब भारतीय जोड़ी शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमीका अरिबाडो की जोड़ी के खिलाफ उतरेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here