नई दिल्ली : भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में 10 विकेट से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। भारत की इस शानदार जीत में तन्मय बलोदा की घातक गेंदबाजी का अहम योगदान रहा। तन्मय के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में पूरी तरह दबाव में रखा और आसान जीत दर्ज की। भारत ने सीरीज का पहला टेस्ट मैच पारी और 48 रन से जीता था। इससे पहले भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों प्रारूपों में अपना दबदबा कायम रखा।
दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 174 रन बनाए और इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में 315 रन बनाकर 141 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 151 रन पर आउट हो गई और उसे 10 रन की लीड मिली साथ ही भारत को जीत के लिए 11 रन का आसान टारगेट मिला। भारत ने दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 11 रन बना लिए और मैच जीत लिया।
14 विकेट लेकर तन्मय बलोदा ने मचाया धमाल
दूसरे टेस्ट मैच में भारत की जीत के हीरो तन्मय रहे जिन्होंने कुल 14 विकेट झटके। तन्मय ने दूसरी पारी में 19.5 ओवर में 41 रन देकर 8 विकेट झटके और विरोधी टीम को 151 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। वहीं तन्मय ने पहली पारी में भी 25 ओवर में 32 रन देकर 6 विकेट लिए थे। भारत की तरफ इस मैच में प्रियांशु सिंह ने भी 3 विकेट लिए जिसमें उन्होंने पहली पारी में एक जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 2 विकेट लिए। दूसरी पारी में तन्मय और प्रियांशु के अलावा अन्य कोई भारतीय बॉलर विकेट नहीं ले पाया जबकि पहली पारी में मोहित को एक जबकि अयान अकरम को 2 सफलता मिली थी।
इस मुकाबले में भारत की ओर से पहली पारी में कप्तान यशवर्धन चौहान ने 52 रन, जबकि अभिप्राय विश्वास ने 73 रन की शानदार पारी खेली। निचले क्रम में बल्लेबाजी करने उतरे तन्मय बलोदा ने भी 30 रन की अहम पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत करने में योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में चार्ली हेंडरसन ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। दूसरी पारी में कंगारू टीम की ओर से ब्लेक कैटल ने 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि एली ब्रेन ने 39 रन बनाए। भारत की दूसरी पारी में लक्ष्य रायचंदानी ने 9 रन बनाए, जबकि सागर विर्क 2 रन बनाकर नाबाद रहे।


