नई दिल्ली : टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट का सबसे चुनौतीपूर्ण प्रारूप माना जाता है, जिसमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता। मौजूदा दौर में विश्व क्रिकेट में कई दिग्गज खिलाड़ी टेस्ट प्रारूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में सर्वश्रेष्ठ एकादश का चयन करना काफी कठिन है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए विजडन के पॉडकास्टर बेन गार्डनर, फिल वॉकर और कैमरन पॉन्सनबी ने चयनकर्ता की भूमिका निभाते हुए सितंबर 2024 के बाद के खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर दुनिया की मौजूदा सर्वश्रेष्ठ टेस्ट प्लेइंग 11 चुनी है।
विजडन की विश्व टेस्ट प्लेइंग 11 में चमके 4 भारतीय क्रिकेटर
विजडन ने अपनी टीम में उन खिलाड़ियों को शामिल किया जो मौजूदा समय में टेस्ट प्रारूप में खेल रहे हैं। विजडन ने अपनी इस प्लेइंग इलेवन में ओपनर के रूप में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड और टॉम लैथम का चयन किया जबकि तीसरे नंबर पर बैटिंग क्रम में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को रखा जिनका टेस्ट प्रारूप में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है। गिल लगातार टेस्ट प्रारूप में शानदार बैटिंग कर रहे हैं और भारत के लिए खूब रन भी बना रहे हैं।
विजडन ने बैटिंग क्रम में चौथे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के स्टार बैटर स्टीव स्मिथ को रखा जबकि पांचवें स्थान पर इंग्लैंड टेस्ट टीम के मौजूदा कप्तान जो रूट को रखा। वहीं टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में ऋषभ पंत को शामिल किया और उन्हें बैटिंग क्रम में छठे स्थान पर जगह दी। इस टीम में ऑलराउंडर के रूप में रविंद्र जडेजा को शामिल किया गया जो 7वें स्थान पर हैं और बैटिंग के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
विजडन की टेस्ट प्लेइंग 11 में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा और भारत के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सौंपी गई है। इनके अलावा न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को भी टीम में शामिल किया गया है। इस तरह चयनकर्ताओं ने एकादश में चार तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया, जबकि स्पिन गेंदबाजी की कमान भारत के रवींद्र जडेजा को दी गई है।
विजडन द्वारा चुनी गई मौजूदा बेस्ट टेस्ट प्लेइंग 11
टॉल लैथम, ट्रैविस हेड, शुभमन गिल, स्टीव स्मिथ, जो रूट, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, मिचेल स्टार्क, कगिसो रबाडा, मैट हेनरी, जसप्रीत बुमराह।


