सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में तंजानिया को दी करारी मात

0

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में तंजानिया को 48-20 से हराकर कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए रेड से 30 और टैकल से 10 अंक हासिल किए। इसके साथ ही भारतीय टीम ने तंजानिया को 6 बार ऑल-आउट कर मुकाबले पर अपना दबदबा कायम रखा।

इस दमदार जीत के साथ भारत ने खिताब की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। दूसरी ओर, तंजानिया की टीम 15 रेड पॉइंट और 5 टैकल पॉइंट ही जुटा सकी, और वे एक बार भी भारत को ‘ऑल-आउट’ नहीं कर पाए। नीरज नरवाल ने भारत की रेडिंग की कमान संभाली और 16 रेड में 12 पॉइंट हासिल किए, जिसमें 6 बोनस पॉइंट शामिल थे। नवीन कुमार और शिवम पटारे ने भी अहम योगदान दिया और दोनों ने 9-9 पॉइंट बनाए।

नीरज के बाद नवीन और शिवम ने भी दिखाया दम

नवीन ने 11 रेड में 9 रेड पॉइंट हासिल किए, जबकि पटारे ने भी 11 रेड में 9 रेड पॉइंट जुटाए। भारत का डिफेंस भी उतना ही मजबूत रहा, जिसमें शुभम शिंदे ने 5 टैकल पॉइंट के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। दीपक ने 3 टैकल पॉइंट जोड़े, जबकि प्रवेश मलिक ने 2 टैकल पॉइंट का योगदान दिया। तंजानिया की ओर से जुमा सुल्तानिया ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया; उन्होंने 20 रेड में 13 पॉइंट हासिल किए, जिसमें 9 बोनस पॉइंट शामिल थे। हालांकि, भारतीय टीम के सामूहिक प्रयास ने यह सुनिश्चित किया कि पूरे मैच में उनका दबदबा बना रहे। इस जीत के साथ भारत ने पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है।

भारत का सेमीफाइनल कब और किससे?

भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 30 अक्टूबर को रात 8:30 बजे खेला जाएगा। भारत की प्रतिद्वंद्वी टीम का फैसला होना बाकी है। उससे पहले अब भारत का अगला मुकाबला ग्रुप चरण के आखिरी मैच में श्रीलंका से होगा। यह मुकाबला 29 अक्टूबर को रात 8:30 बजे खेला जाएगा। सोमवार को भारतीय महिला टीम ने भी इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here