हार्दिक पंड्या की मैदान पर वापसी की तैयारी, घरेलू क्रिकेट में खेलकर साबित करेंगे फिटनेस

0

नई दिल्ली : चोट के कारण हार्दिक पंड्या के लंबे समय तक टीम से बाहर रहने से भारतीय वनडे टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि इस ऑलराउंडर की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से टीम के सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाजों को लेकर बनी समस्या का समाधान हो सकता है। गिल ने पंड्या को बेजोड़ कौशल वाला खिलाड़ी बताते हुए कहा कि वह खेल के किसी भी चरण में अपनी छाप छोड़ने की क्षमता रखते हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने यह भी बताया कि वह हार्दिक के संपर्क में हैं और भारतीय टीम में वापसी से पहले पंड्या घरेलू क्रिकेट में खेलकर अपनी तैयारी करेंगे। गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर मंगलवार (3 नवंबर) को ऑलैंड में कहा, ‘अगर हार्दिक पंड्या टीम में वापसी करते हैं, तो हमारे नंबर सात और नंबर आठ बल्लेबाज के स्थान भी तय हो जाएंगे। इससे बल्लेबाजी के लिहाज से हमारी टीम कहीं अधिक संतुलित नजर आएगी।’

हार्दिक पंड्या महत्वपूर्ण खिलाड़ी

हार्दिक आमतौर पर छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। वह आईपीएल के बाद चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। जब वह भारतीय टीम में वापसी के करीब थे तभी उनकी पिंडली में खिंचाव आ गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, ‘वह (पंड्या) शानदार खिलाड़ी हैं। उनके जैसा कौशल बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है। एक ऐसा ऑलराउंडर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है जो खेल के प्रत्येक चरण में गेंदबाजी कर सकता है और बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दे सकता है।’

हार्दिक पंड्या के लगातार संपर्क में हैं कप्तान शुभमन गिल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह आईपीएल के बाद से खेल नहीं पाए हैं।’ गिल ने कहा कि वह इस 32 वर्षीय खिलाड़ी के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में वापसी से पहले कुछ घरेलू मैच खेलेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘हमारी कई बार बातचीत हुई है। उन्हें भारत ए की तरफ से कुछ मैच खेलने थे, लेकिन उससे ठीक पहले वह चोटिल हो गए। उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होकर घरेलू क्रिकेट में कुछ मैच खेलेंगे और फिर टीम में वापसी करेंगे।’

प्रतिद्वंद्वी कोई भी हो, भारतीय टीमों में उसे हराने का पूरा दमखम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल का मानना ​​है कि भारत अगर न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ वनडे श्रृंखला जीतता है तो इससे अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि कोई भी भारतीय टीम किसी भी अन्य टीम को हराने में सक्षम है। अगर युवा खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें काफी आत्मविश्वास हासिल होगा।’

हर परिस्थिति में मुकाबला करने और जीतने में सक्षम है हमारी टीम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, ‘इससे हमें यह आत्मविश्वास भी मिलेगा कि अगर किसी कारण से हम विश्व कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम नहीं उतर पाते हैं तो भी हमारी टीम किसी भी परिस्थिति में अन्य टीम को हराने में सक्षम है।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि पांचवें और छठे नंबर के बल्लेबाजी के स्थान हमेशा थोड़ा लचीले होने चाहिए और टीम की जरूरत के अनुसार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया जा सकता है।

परिस्थिति के अनुसार तय होगा पांचवें और छठे नंबर का बल्लेबाजी क्रम

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, ‘पांचवें और छठे नंबर पर किस बल्लेबाज को उतारा जाए इसको लेकर हम लचीला रवैया अपनाते हैं। अगर आप हमारे शीर्ष चार बल्लेबाजों को देखें तो वे लगभग तय हैं। हम सभी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अगर हमें लगता है कि हमें पांचवें नंबर पर बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत है, तो हम अक्षर पटेल को बल्लेबाजी के लिए भेजते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अगर हमें लगता है कि मंच तैयार हो चुका है और केएल राहुल को तेजी से बल्लेबाजी करने की जरूरत है तो हम उसी के अनुसार फैसला करते हैं।’

यहां की पिचों और हालात में दिखेगी दक्षिण अफ्रीका की झलक

ईडन पार्क एक ऐसा मैदान है जहां बाउंड्री काफी छोटी है। इससे यहां पहली बार खेलने वाले बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को हैरानी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गिल ने कहा, ‘यह मेरे लिए निश्चित रूप से लुभावना है, क्योंकि सीधी बाउंड्री केवल 50-55 मीटर की है। यह बात हमारे दिमाग में जरूर रहेगी। हम जिन परिस्थितियों में खेल रहे हैं वह अन्य देशों की तुलना में दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों से कहीं अधिक मिलती-जुलती हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here