न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट का रिकॉर्ड मिशन, 7 उपलब्धियां हासिल करने का सुनहरा मौका

0

नई दिल्ली : भारत-न्यूजीलैंड के बीच बुधवार (4 नवंबर) से खेली जाने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली के पास कई रिकॉर्ड तोड़ने और अपने नाम करने के मौके होंगे। वह मास्टर ब्लास्ट सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। विराट कोहली वनडे में रनचेज के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने के वाले बल्लेबाज बनने से 54 रन दूर हैं। नंबर 3 पर 13 हजार रन पूरा करने से वह केवल 12 रन दूर हैं। आइए नजर डालते हैं कुल 7 रिकॉर्ड पर जो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली बना सकते हैं:

लिस्ट ए में सबसे ज्यादा शतक

विराट और सचिन तेंदुलकर दोनों के नाम अभी 60-60 लिस्ट ए शतक हैं। विराट अब इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनने से बस एक शतक दूर हैं।

SENA देशों में वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा औसत, कोहली का खास रिकॉर्ड

साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA देशों) की परिस्थितियों में बल्लेबाजी की बात करें तो बहुत कम भारतीय बल्लेबाज विराट जितने निरंतर रहे हैं। 37 वर्षीय विराट ने विदेशी परिस्थितियों में अपना दबदबा कायम रखा है। उनका औसत ऑस्ट्रेलिया में 50.03, इंग्लैंड में 51.48 और दक्षिण अफ़्रीका में 76.38 रहा है। न्यूज़ीलैंड में, विराट ने 13 पारियों में 49.66 के औसत से 596 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

SENA देशों में भी बने सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

विदेशी सरजमीं पर अपने 18 साल के शानदार करियर के दौरान, विराट ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ़्रीका में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीता है। न्यूजीलैंड में विराट ने अभी तक ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार नहीं जीता है। अगर वह न्यूजीलैंड में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार जीतते हैं, तो ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बन जाएंगे, जिन्होंने सभी एसईएनए देशों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दौरान यह खिताब हासिल किया हो।

वनडे रन-चेज में इतिहास रचने से 54 रन दूर विराट कोहली

वनडे क्रिकेट में विराट कोहली बेहतरीन चेजर हैं। वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने 179 मैचों की 168 पारियों में 66.16 के औसत से 8,667 रन बनाए हैं। इसमें 30 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि वनडे रनचेज में सबसे ज़्यादा रन बनाने के मामले में सचिन के 8,720 रनों (242 मैचों में 17 शतकों के साथ) के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें अभी भी 54 रनों की जरूरत है।

वनडे में तीसरे नंबर पर 13 हजार रन पूरे करने से 12 रन दूर विराट कोहली

विराट ने वनडे में तीसरे नंबर पर दबदबा रहा है। इस नंबर पर विराट के बिना भारतीय टीम की कल्पना करना भी मुश्किल है। वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 वनडे रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बनने से बस 12 रन दूर हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए, विराट ने 253 वनडे मैचों की 250 पारियों में 61.55 के औसत से 12,988 रन बनाए हैं। इस क्रम पर खेलते हुए उन्होंने 48 शतक और 69 अर्धशतक जड़े हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन रहा है।

SENA देशों के खिलाफ अर्धशतकों का नया कीर्तिमान बनाने की दहलीज पर विराट

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA देशों) के खिलाफ 50 से ज्यादा स्कोर बनाने के मामले में विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर अभी 133 के स्कोर पर बराबरी पर हैं। इस आंकड़े में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने के लिए विराट कोहली को बस एक और 50 से ज्यादा का स्कोर की जरूरत है। विराट ने इन देशों के खिलाफ 320 मैचों में 45 शतक और 88 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि सचिन ने 328 मैचों में 50 शतक और 83 अर्धशतक बनाए हैं।

टीम की जीत में अर्धशतकों का नया रिकॉर्ड बनाने से दो कदम दूर विराट

विराट कोहली अब जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड से बस दो कदम दूर हैं। फिलहाल, जीत दिलाने वाले मैचों में उनके नाम 194 वनडे मैचों में 93 बार 50 से ज्यादा रन (45 शतक और 48 अर्धशतक) बनाने का रिकॉर्ड है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 262 मैचों में 94 बार (25 शतक और 69 अर्धशतक) ऐसा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here