IPL 2027 से पहले SRH की बड़ी तैयारी, पैट कमिंस की जगह भरने के लिए CSK से की ट्रेड डील

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच हुई बड़ी ट्रेड डील के पीछे की रणनीति सामने आई है। काव्या मारन के मालिकाना हक वाली एसआरएच ने इस ट्रेड के जरिए अपनी तेज गेंदबाजी को मजबूत करने की तैयारी की है। फ्रेंचाइजी ने नाथन एलिस और खलील अहमद को अपनी टीम में शामिल किया है, जबकि लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ गए हैं।

इस बदलाव के जरिए दोनों फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 के लिए अपनी टीमों को नई दिशा देने की कोशिश की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व खिलाड़ी तिरुमलासेट्टी सुमन के मुताबिक, इस ट्रेड के पीछे कप्तान पैट कमिंस की अगले सीजन में उपलब्धता को लेकर बना संशय एक बड़ी वजह हो सकता है। तिरुमलासेट्टी ने पैट कमिंस की उपलब्धता को 50-50 बताते हुए कहा कि SRH को उनकी संभावित गैरमौजूदगी के लिए गेंदबाजी में विकल्प तैयार करना जरूरी था।

5 नवंबर को सीएसके और एसआरएच के बीच हुई बड़ी ट्रेड डील, चार खिलाड़ियों की अदला-बदली
गुरुवार पांच नवंबर 2026 को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर समझौता हुआ। इसके तहत नाथन एलिस और खलील अहमद CSK से SRH में शामिल हुए, जबकि लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स ने CSK का दामन थामा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व खिलाड़ी तिरुमलासेट्टी सुमन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘पिछले IPL सीजन में इन चारों खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसके बावजूद यह ट्रेड क्यों हुआ? इसकी वजह दोनों टीमों की मजबूती और कमजोरियां हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग में पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर स्थिति अभी 50-50 है, इसलिए मुझे लगता है कि उनकी जगह भरने के लिए यह ट्रेड करना जरूरी था।’’

खलील अहमद और नाथन एलिस क्यों हैं खास?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपनी बात जारी रखते हुए तिरुमलासेट्टी सुमन ने कहा, ‘‘खलील अहमद पावरप्ले में नई गेंद से तीन ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं। वहीं, नाथन एलिस डेथ ओवरों के बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह बीच के ओवरों में भी गेंदबाजी कर सकते हैं। उनकी हाथ के पीछे से फेंकी जाने वाली धीमी गेंद भी काफी प्रभावी है। मुझे लगता है कि इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही यह ट्रेड किया गया है।’’

इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन 6 करोड़ रुपये की कम फीस पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने लियाम लिविंगस्टोन को पहले 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी अपनी मौजूदा 3 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे।

सनराइजर्स हैदराबाद ने जैक एडवर्ड्स को ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने से पहले ही अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, पैर में चोट लगने के कारण वह IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेल सके थे। वहीं, इस ट्रेड के बदले SRH ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को उनकी मौजूदा 4.8 करोड़ रुपये की फीस पर अपनी टीम में शामिल किया है।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पहले भी खेल चुके हैं खलील अहमद

खलील इससे पहले 2018 से 2021 तक SRH के लिए खेल चुके हैं। अब वह फिर इस फ्रेंचाइजी में लौटे हैं। खलील अहमद ने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। आईपीएल 2026 में खलील अहमद ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पांच मैच ही खेल पाए और दाएं पैर की जांघ की मांसपेशियों (क्वाड्रिसेप्स) में चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए।

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी अपनी मौजूदा दो करोड़ रुपये की फीस पर सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ेंगे। वह अपनी गेंदबाजी में विविधता और डेथ ओवरों में प्रभावी प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। उनके पास टी20 क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। उनके टीम में आने से SRH का तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here