नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए पंजाब की टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस सीजन में अभिषेक शर्मा पंजाब की ओर से खेलते नजर नहीं आएंगे। वहीं, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने ऑलराउंडर रमनदीप सिंह को टीम की कप्तानी सौंपी है। घोषित 17 सदस्यीय टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव को भी शामिल किया गया है।
पंजाब की टीम में शामिल हुए अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव
इस सीजन में पंजाब की टीम के लिए सबसे बड़ा आकर्षण उमेश यादव होंगे जो इस टीम के लिए गेंदबाजी करते हुए नजर आएंगे। उमेश यादव लंबे अरसे से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। इसके अलावा पंजाब की टीम में बीच टूर्नामेंट में एक और बड़ा बदलाव किया जा सकता है। इस टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह दोहा में 19 से 29 नवंबर तक होने वाले राइजिंग एशिया कप में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वो टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे और उनकी जगह टीम में सहज धवन को शामिल किया जा सकता है।
उमेश यादव की बात करें तो वो पहले विदर्भ के लिए खेल रहे थे, लेकिन रणजी के इस सीजन से वो पंजाब टीम का हिस्सा हैं। उमेश ने इस रणजी सीजन में पंजाब के लिए 4 मैच खेले थे और अब वो सैयद मुश्ताक अली में खेलते दिखेंगे। उमेश के होने से पंजाब की पेस अटैक मजबूत नजर आ रही है तो वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी हरप्रीत बराड़ और रघु शर्मा को हाथों में होगी। टीम की बल्लेबाजी उदय सहारन, अनमोलप्रीत सिंह और सनवीर सिंह की वजह से अच्छी दिख रही है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट के इस सीजन के लिए पंजाब की टीम को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है और इस ग्रुप के सभी मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम और डेली कॉलेज ग्राउंड में खेले जाएंगे। ग्रुप बी में पंजाब के अलावा हरियाणा, दिल्ली, रेलवे, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, सौराष्ट्र और बिहार की टीमें शामिल हैं। पंजाब को अपना पहला मैच 14 नवंबर को हरियाणा के खिलाफ खेलना है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए पंजाब की टीम
रमनदीप सिंह (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, सलिल अरोड़ा, सनवीर सिंह, हरप्रीत बराड़, इमानजोत सिंह चहल, विहान मल्होत्रा, उदय सहारन, उमेश यादव, जश्न जिंदल, अनमोलप्रीत सिंह, रघु शर्मा, साहिल भास्कर, कार्तिक चड्डा, सुखदीप बाजवा, कृष भगत, विश्व प्रताप सिंह।


