नई दिल्ली : आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह को लेकर मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुई ट्रेड डील लगातार सुर्खियों में है। इस अदला-बदली के बाद कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस ट्रेड से किस टीम को फायदा हुआ? क्या हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेंगे या उन्हें टीम की कमान सौंपी जाएगी? इन तमाम सवालों पर पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने सीधे तौर पर अपनी बात रखी है। उन्होंने इस ट्रेड के पीछे की पूरी कहानी और टीम की रणनीति से जुड़े पहलुओं का खुलासा किया है।
पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया को पूरा भरोसा है कि आईपीएल में उनकी टीम की तरफ से खेलते हुए लोगों को एक अलग हार्दिक पंड्या नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी फ्रेंचाइजी भारत के इस स्टार ऑलराउंडर को लंबे समय तक टीम में बनाए रखना चाहती है। पंजाब ने अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अदला बदली (ट्रेडिंग) करके मुंबई इंडियंस से हार्दिक को अपनी टीम में शामिल किया है। आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े सौदे को पूरा करने के बाद वाडिया ने कहा कि टीम को अपना पहला खिताब जीतने के लिए पंड्या जैसे खिलाड़ी की जरूरत थी।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने में हार्दिक पंड्या को कोई दिक्कत नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में कप्तानी का भरपूर अनुभव रखने वाले हार्दिक को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने में कोई दिक्कत नहीं होगी। वाडिया ने पीटीआई से कहा, ”हम दोनों इस भागीदारी को लेकर बेहद गंभीर है। मेरी हार्दिक से अच्छी बातचीत हुई। वह पूरी तरह से तैयार हैं और मेरा मानना है कि यहां आपको एक अलग तरह का हार्दिक पंड्या देखने को मिलेगा। वह अपना अनुभव हमारे साथ साझा करने को लेकर बेहद उत्सुक है। इससे हमारी टीम को मजबूती मिलेगी तथा मैदान पर श्रेयस और मैदान के बाहर रिकी (मुख्य कोच रिकी पोंटिंग) और सभी को काफी मदद मिलेगी।”
पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस को इस सौदे को पूरा करने में लगभग एक महीने का समय लगा, जिससे अर्शदीप सिंह पांच बार की चैंपियन मुंबई से जुड़े। वाडिया ने कहा कि कप्तान के रूप में गुजरात टाइटन्स को आईपीएल खिताब वाले हार्दिक को श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने से किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा, ”श्रेयस के हार्दिक के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। रिकी ने भी पहले हार्दिक के साथ काम किया है। यह हम सभी के लिए फायदेमंद है। हमारा मानना था कि हमें चीजों को बेहतर बनाने की जरूरत है और इसलिए हमें हार्दिक को टीम से जोड़ना अच्छा सौदा लगा।”
वाडिया ने यह भी कहा कि लंबे समय के जुड़ाव के बाद अर्शदीप सिंह को जाने देना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने उनकी वापसी की संभावना को खुला रखा है। उन्होंने कहा, ”अर्शदीप आठ साल से हमारे साथ हैं। उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला आसान नहीं था। मुझे अर्शदीप पर बहुत गर्व है। फ्रेंचाइजी को भी उन पर गर्व है। भारत को भी उन पर गर्व है। उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया है। इसलिए उन्हें विदा करना मुश्किल था। हो सकता है कि वह भविष्य में वापसी करें। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”


