नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय पेसर्स की शुरुआत अच्छी थी लेकिन फील्डिंग में साथ नहीं मिला। टिम सीफर्ट ने 39 गेंद पर पचासा ठोका और टीम को तेज शुरुआत दिलाई। फिर 15वें ओवर में इस सीरीज के सबसे सफल भारतीय पेसर गुरनूर बराड़ ने सीफर्ट को 58 रन पर पवेलियन भेज दिया। 85 रन के स्कोर पर भारत को पहली सफलता मिली।
गुरनूर बराड़ के स्पेल की शुरुआत से ही दोनों के बीच कई बार तीखी बातचीत और शब्दों के बाण चलते दिखे थे। जब सीफर्ट ने गुरनूर के खिलाफ बाउंड्री लगाई थी उसके बाद भी भारतीय पेसर ने उन्हें कुछ कहा था। फिर जब 15वें ओवर में गुरनूर बराड़ ने सीफर्ट को शॉर्ट पिच गेंद पर विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच आउट करवाया, फिर वह काफी गुस्से में प्रतिक्रिया देते नजर आए।
विराट कोहली ने किया बीच-बचाव, अंपायर ने भारतीय गेंदबाज को लगाई फटकार
टिम सीफर्ट का विकेट लेने के बाद गुरनूर बराड़ ने उनकी तरफ गुस्से से देखते हुए तेजी से चिल्लाया। फिर दोनों एक दूसरे के करीब भी आते दिखे। फिर विराट कोहली ने आकर बीच बचाव किया। इसके बाद भी गुरनूर ने जाते-जाते सीफर्ट को काफी कुछ कहा। इस पूरे वाकये पर बाद में फील्ड अंपायर ने भी भारतीय पेसर की खबर ली। अंपायर ने गुरनूर से बातचीत की और भारतीय गेंदबाज अपनी प्रतिक्रिया पर माफी मांगते भी दिखे। हालांकि, यह साफ लग रहा है कि मैच के बाद आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंंघन का मामला उठेगा। मैच रेफरी गुरनूर बराड़ को क्या सजा इसके बाद सुनाते हैं, यह देखने वाली बात होगी।
गुरनूर बराड़ ने अब तक कितना किया प्रभावित? जानें सीरीज के प्रदर्शन के आंकड़े
गुरनूर बराड़ का प्रदर्शन इस वनडे सीरीज में शानदार रहा है। उन्होंने पहले वनडे में 10 ओवर में 44 रन देकर तीन विकेट लिए थे। फिर दूसरे वनडे में उन्होंने 10 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। वह दो मैचों में 7 विकेट लेकर नंबर 1 भारतीय पेसर बने थे। गुरनूर बराड़ ने तीसरे मुकाबले में भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए खतरनाक दिख रही ओपनिंग साझेदारी को तोड़ा और भारत को पहली सफलता दिलाई। इस साल ही उन्होंने वनडे डेब्यू किया था और बहुत कम समय में भारत के प्रमुख पेसर के रूप में नजर आने लगे हैं। उनके नाम 12 वनडे मैचों में ही 20 से ऊपर विकेट दर्ज हो चुके हैं।


