नई दिल्ली: गत विजेता भारतीय टीम की नजरें एक बार फिर सैफ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम करने पर टिकी हैं। मंगलवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर रिकॉर्ड 10वीं बार चैंपियन बनने के साथ लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। ऐसे में उसकी कोशिश अपने ऐतिहासिक सफर का अंत खिताबी जीत के साथ करने की होगी।
नौ खिताबों के साथ भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारत ने अब तक सैफ चैंपियनशिप में रिकॉर्ड नौ बार खिताब जीता है। टीम ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। खास बात यह है कि इस बार भारत दूसरे दर्जे की टीम के साथ टूर्नामेंट में उतरा है, इसके बावजूद वह खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में पहली बार फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान
दूसरी ओर, पाकिस्तान के लिए यह टूर्नामेंट अब तक यादगार रहा है। टीम इससे पहले चार बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन कभी फाइनल में जगह नहीं बना सकी। साल 2018 में भी पाकिस्तान सेमीफाइनल तक पहुंचा था। इस बार उसने शनिवार को मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया।
भारत के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने फाइनल में पहुंचने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा चरित्र और जुझारूपन दिखाया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मूसा ने कहा, ‘रास्ते में हमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने धैर्य, जुझारूपन और प्रतिस्पर्धा करने की मजबूत इच्छा दिखाई। हर मुकाबला सीखने और सुधार करने का मौका रहा है। अब हमारे सामने एक और अहम कदम उठाने की चुनौती है।’
ग्रुप स्टेज की हार का बदला लेना चाहेगा पाकिस्तान, फाइनल में भारत से टक्कर
फाइनल मुकाबला ग्रुप बी में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच का दोहराव होगा। दोनों टीमें 5 नवंबर को आमने-सामने आई थीं, जिसमें भारत ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में सुहैल अहमद भट ने दो गोल किए थे, जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने एक गोल दागा था। भारत ने एक समय 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी। हालांकि, पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में लगातार दो गोल करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया था। इसके बावजूद भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रही। इसके बाद पाकिस्तान ने मालदीव को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर बांग्लादेश को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। नॉकआउट मुकाबलों से पहले पाकिस्तान की टीम में विदेशों में खेलने वाले कई खिलाड़ी भी शामिल हुए हैं, जिससे उसकी ताकत बढ़ी है।
पाकिस्तान को मजबूत चुनौती मानते हैं भारतीय कोच मूसा
भारतीय कोच नौशाद मूसा का मानना है कि ग्रुप स्टेज के मुकाबले की तुलना में फाइनल में पाकिस्तान की टीम बिल्कुल अलग नजर आएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि फाइनल मुकाबला काफी अलग होगा। ग्रुप स्टेज में जिस पाकिस्तान की टीम का हमने सामना किया था, उसकी तुलना में अब टीम में काफी बदलाव है। कुछ नए खिलाड़ी भी उसके साथ जुड़े हैं। पाकिस्तान ने हमारे पहले मुकाबले का विश्लेषण किया होगा और वह पूरी तैयारी तथा मजबूत इरादों के साथ मैदान पर उतरेगा।’ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा कि भारतीय टीम का ध्यान अपनी रणनीति पर अमल करने, अनुशासन बनाए रखने और अहम मौकों पर सही फैसले लेने पर होगा।
भूटान को हराकर भारत ने सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में बनाई जगह
भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। इस मैच में विष्णु पीवी ने नौवें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान छिंगलेनसाना सिंह कोंशाम ने 27वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में भूटान ने एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लिया। सेमीफाइनल और फाइनल के बीच सिर्फ दो दिन का अंतर होने के कारण भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी भी अहम होगी। कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों के वर्कलोड को नियंत्रित करने के साथ टीम को फाइनल के लिए मानसिक रूप से तैयार कर रहा है।
सैफ चैंपियनशिप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का मजबूत रिकॉर्ड
सीनियर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को चार मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच नौ मैच ड्रॉ रहे हैं। हालांकि, मंगलवार को होने वाला मुकाबला दोनों देशों के बीच सैफ चैंपियनशिप के इतिहास का पहला फाइनल होगा। ऐसे में जहां भारत अपने खिताबों की संख्या 10 तक पहुंचाना चाहेगा, वहीं पाकिस्तान की नजर पहली बार चैंपियन बनने का इतिहास रचने पर होगी।


