IPL 2027 के लिए गुजरात टाइटंस की बड़ी तैयारी, हर्षल पटेल को टीम में किया शामिल

0

नई दिल्ली: आईपीएल 2027 से पहले गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। फ्रेंचाइजी ने दो बार पर्पल कैप जीत चुके अनुभवी तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। इस फैसले से गुजरात की गेंदबाजी को अतिरिक्त मजबूती मिलने की उम्मीद है। 35 वर्षीय हर्षल पटेल को गुजरात टाइटंस ने चार करोड़ रुपये में ट्रेड किया है। सनराइजर्स हैदराबाद ने हर्षल पटेल को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में आठ करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह हर्षल पटेल अब आधी कीमत पर गुजरात टाइटंस का हिस्सा बन गए हैं।

IPL 2027 के लिए गुजरात टाइटंस की बड़ी तैयारी, हर्षल पटेल को टीम में किया शामिल इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘दो बार पर्पल कैप जीत चुके हर्षल पटेल अब सनराइजर्स हैदराबाद से सफल ट्रेड के बाद गुजरात टाइटंस की ओर से खेलेंगे।’’हर्षल पटेल अपनी गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की गेंदों का इस्तेमाल करने और सही समय पर सही रणनीति अपनाने के लिए जाने जाते हैं। हर्षल पटेल को IPL में खेलने का अच्छा अनुभव है। हर्षल पटेल ने 2012 में अपने IPL करियर की शुरुआत की थी। अब तक वह चार फ्रेंचाइजी के लिए 124 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 151 विकेट हैं।

हर्षल पटेल ने IPL में दो बार सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का पुरस्कार यानी पर्पल कैप जीता है। हर्षल पटेल ने 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और 2024 में पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी। आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए उनका पहला सीजन अच्छा रहा था। हर्षल पटेल ने 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 9.80 रन प्रति ओवर रहा था।

हालांकि, IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में हर्षल पटेल को ज्यादा मौके नहीं मिले। फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह बिना अंतरराष्ट्रीय मैच खेले भारतीय तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन को प्राथमिकता दी। हर्षल पटेल आईपीएल 2026 में सिर्फ पांच मैच ही खेल पाए और एक भी विकेट नहीं ले पाए। इस दौरान उन्होंने 10.82 रन प्रति ओवर दिए। गुजरात टाइटंस से जुड़ने के साथ ही हर्षल पटेल घरेलू राज्य की टीम के लिए भी खेलेंगे। इसी महीने के आखिर में 36 साल के होने वाले हर्षल पटेल का जन्म अहमदाबाद में हुआ था। घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए वह कुछ साल पहले गुजरात चले गए थे।

गुजरात टाइटंस पहले भी हर्षल पटेल को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर चुकी है। IPL 2024 के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उनके लिए 10.5 करोड़ रुपये तक बोली लगाई थी, लेकिन इसके बाद पीछे हट गई। पंजाब किंग्स ने उन्हें 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में भी गुजरात टाइटंस ने हर्षल पटेल के लिए बोली लगाई थी, लेकिन 6.5 करोड़ रुपये तक पहुंचने के बाद उसने अपना नाम वापस ले लिया था। यह ट्रेड IPL 2027 के ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखने की 17 नवंबर की समयसीमा से पहले हुआ है। इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद सबसे सक्रिय फ्रेंचाइजी में से एक रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here