नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का आगाज हो चुका है। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें भारत की ए टीम भी शामिल है। भारतीय टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रिंकू सिंह उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। भारत अपना पहला मुकाबला आज खेलेगा, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों को सबसे ज्यादा इंतजार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले का है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार कितने बजे शुरू होगा, ताकि आप इस रोमांचक भिड़ंत का कोई भी पल मिस न करें।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत ए की आज नेपाल से पहली भिड़ंत
भारत और पाकिस्तान की ए टीमें एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 22 नवंबर को आमने सामने होंगी। भारतीय टीम आज अपना पहला मैच खेलेगी। इसमें उसका मुकाबला नेपाल की टीम से होगा। जहां एक ओर जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि भारत की ए टीम खेल रही है, लेकिन नेपाल की मुख्य टीम ही इस टूर्नामेंट के लिए आई है। ये टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट पर खेला जा रहा है, यानी पूरे 50 ओवर का मुकाबला होगा। आज का मैच जीतने के बाद भारतीय टीम अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
22 नवंबर को क्रिकेट के मैदान पर भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान
तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय ए टीम 22 नवंबर दिन रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ अपना मैच खेलने के लिए मैदान में उतरेगी। मैच दोहा में होगा और भारतीय समय अनुसार दोपहर साढ़े तीन बजे से शुरू होगा, इससे आधे घंटे पहले यानी तीन बजे टॉस होगा। चूंकि मैच 50 ओवर का होगा, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि ये करीब साढ़े दस बजे तक चल सकता है। इससे पहले हाल ही में भारत और पाकिस्तान की टीमें अंडर 19 एशिया कप में आमने सामने आई थीं, तब 100वें ओवर की आखिरी बॉल पर मैच का फैसला हुआ और भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को एक विकेट से पटकनी दी थी। उसके बाद अब कुछ ही दिन के अंतराल में फिर से ये टक्कर होने जा रही है।
भारत ए का पूरा स्क्वाड: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), शाहबाज अहमद, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, तनुश कोटियन, हर्ष दुबे, प्रभसिमरन सिंह, अरशद खान।
पाकिस्तान ए का पूरा स्क्वाड: शाहजैब खान, हैदर अली, अब्दुल समद (कप्तान), हसन नवाज, माज सदाकत, रोहेल नजीर (विकेट कीपर), दानिश अजीज, मोहम्मद इमरान रंधावा, मोहम्मद हसनैन, अहमद दानियाल, सुफयान मोकिम, अली रजा, साद मसूद, शमील हुसैन, फरहान यूसुफ।


