नई दिल्ली : भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में ओपनर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के अर्धशतक की मदद से स्थिति मजबूत कर ली है। वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से खेला जा रहे टेस्ट मैच में अबतक 6 में से 4 सत्र भारत के नाम रहे हैं। टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार (20 नवंबर) को लंच के बाद न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रन पर ऑलआउट हुई। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 39 ओवर में 1 विकेट पर 159 रन बनाए। न्यूजीलैंड 209 रनों से आगे है। केएल राहुल 52 और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज पर। यशस्वी जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए। मैट हेनरी को विकेट मिला।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की बात करें तो हेनरी निकोल्स (175 रन) और ग्लेन फिलिप्स (118 रन) ने शतक लगाए। इन दोनों के अलावा रचिन रविंद्र (15 रन), नाथन स्मिथ (14 रन) और काइल जैमीसन (11 रन) ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा आकाशदीप ने 53 रन देकर 3 और अंशुल कम्बोज ने 69 रन देकर 2 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा 100 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहे। मैच के दूसरे दिन लंच ब्रेक के समय न्यूजीलैंड का स्कोर 6 विकेट पर 317 रन था।नाथन स्मिथ 13 और हेनरी निकोल्स 146 रन बनाकर क्रीज पर थे। दूसरे दिन के पहले सत्र में न्यूजीलैंड का एक विकेट गिरा था। ग्लेन फिलिप्स 118 रन बनाकर आउट हुए थे। ग्लेन फिलिप्स को आकाशदीप ने पवेलियन भेजा था।


