नई दिल्ली : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए की टीम अपने अभियान का आगाज कर रही है। भारतीय टीम की पहले मैच में नेपाल से टक्कर हो रही है। नेपाल की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे धाकड़ खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम की नजरें पहले ही मैच में बड़ी जीत दर्ज करने पर टिकी हैं। कतर की राजधानी दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच ये भिड़ंत हो रही है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में है।
इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बराबर-बराबर बांटा गया है। इनमें पांच फुल मेंबर नेशन की A टीमें शामिल हैं, जबकि बाकी तीन टीमें एसोसिएट मेंबर देशों की हैं। खासकर नेपाल की टीम पर नजर रखना दिलचस्प होगा, क्योंकि उन्होंने इस साल की शुरुआत में T20 वर्ल्ड कप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। अब 50 ओवर का फॉर्मेट उनकी काबिलियत की एक नई परीक्षा लेगा। इंडिया A को नेपाल, पाकिस्तान A और UAE के साथ ग्रुप B में रखा गया है। भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान A का सामना करेगी। वहीं, मंगलवार को UAE की चुनौती का सामना करेगी।


