- प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। दर्शकों के लिए पास की व्यवस्था
- खेल गांव में दिखेगी मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक खेल और देशी खानपान की झलक – मंत्री श्री सारंग
- मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन की तैयारियों का लिया जायजा, भारतीय हॉकी टीम के विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त प्रदेश के कोचों से संवाद कर जाना फीडबैक
भोपाल, 20 नवंबर, शुक्रवार। राजधानी भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन के साथ खेल, संस्कृति, मनोरंजन और खेल प्रतिभाओं के विकास का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में जहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों का रोमांच देखने को मिल रहा है, वहीं 22 नवंबर को खेल परिसर के भव्य लोकार्पण समारोह के साथ मशहूर बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह की लाइव परफॉर्मेंस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी। इसके साथ ही परिसर में तैयार किया गया ‘खेल गांव’ मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक खेलों की झलक प्रस्तुत कर रहा है।
मध्यप्रदेश के पारंपरिक खेलों से सजेगा ‘खेल गांव’
अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में तैयार किया गया ‘खेल गांव’ आयोजन का विशेष आकर्षण बन रहा है। इसे प्रदेश के पारंपरिक खेलों और ग्रामीण परिवेश की थीम पर विकसित किया गया है। यहां मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, ग्रामीण जीवन, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और देशी खानपान की झलक देखने को मिलेगी।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि खेल गांव के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के साथ प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय व्यंजनों को प्रदर्शित करना मध्यप्रदेश की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
पिट्टू, तीरंदाजी, कुश्ती, कबड्डी और पारंपरिक खेल होंगे आकर्षण
खेल गांव में पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया गया है। यहां आगंतुकों के लिए पिट्टू, तीरंदाजी, कुश्ती, कबड्डी, भंवरा और रिंग जैसे पारंपरिक खेलों की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन खेलों को अंतरराष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनाकर नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल गांव के माध्यम से दर्शकों को पारंपरिक खेलों का अनुभव मिलेगा और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।
22 नवंबर को सुखविंदर सिंह के सुरों से सजेगी भोपाल की शाम
22 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के भव्य लोकार्पण समारोह के अवसर पर बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह अपनी शानदार लाइव परफॉर्मेंस देंगे। ‘चक दे इंडिया’ और ‘जय हो’ जैसे सुपरहिट गीतों से देशभर में लोकप्रिय सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति संगीत प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव होगी।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के लोकार्पण समारोह को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। खेल और मनोरंजन के इस संगम में सुखविंदर सिंह की लाइव प्रस्तुति भोपालवासियों के लिए विशेष आकर्षण होगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में खेल के रोमांच के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। दर्शकों के लिए पास की व्यवस्था की गई है
मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि कार्यक्रम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजन में शामिल होने के लिए पास 22 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक टी.टी. नगर स्टेडियम से प्राप्त किए जा सकेंगे।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि भोपालवासियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महिला हॉकी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और भव्य लोकार्पण समारोह का साक्षी बनने की अपील की।
भारतीय हॉकी टीम के विशेषज्ञों ने प्रदेश के कोचों को दिया प्रशिक्षण
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन के दौरान मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों में कार्यरत हॉकी प्रशिक्षकों के कौशल विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें भारतीय हॉकी टीम के प्रशिक्षकों एवं सपोर्ट स्टाफ ने प्रदेश के हॉकी कोचों को आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों, खिलाड़ियों की क्षमता विकास, फिटनेस, खेल कौशल, रणनीतिक तैयारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण पद्धतियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि भारतीय हॉकी टीम के विशेषज्ञों एवं सपोर्ट स्टाफ के साथ प्रदेश के हॉकी प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया, जिससे अकादमियों के प्रशिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कार्यप्रणाली सीखने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम प्रदेश में हॉकी प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
मंत्री सारंग ने प्रशिक्षकों से संवाद कर जाना प्रशिक्षण का फीडबैक
प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के हॉकी प्रशिक्षकों से संवाद किया और प्रशिक्षण कार्यक्रम का फीडबैक जाना। उन्होंने प्रशिक्षकों से चर्चा कर यह समझा कि भारतीय टीम के विशेषज्ञों से प्राप्त अनुभव एवं आधुनिक तकनीकों को प्रदेश की हॉकी अकादमियों में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के दौरान किस प्रकार प्रभावी रूप से लागू किया जा सकता है।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल तैयारी उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षकों का निरंतर कौशल विकास आवश्यक है। प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञों के अनुभव से जोड़ने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार होगा तथा प्रदेश से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।
आगंतुकों की सुविधा, पार्किंग और मंचीय व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंत्री श्री सारंग ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंचीय कार्यक्रम, दर्शकों की बैठक व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और आगंतुकों की सुविधाओं का निरीक्षण किया।
मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुगम हो, पार्किंग सुव्यवस्थित रहे तथा दर्शकों की आवाजाही के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मंचीय कार्यक्रम और आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
खेल, संस्कृति और संगीत का भव्य संगम बनेगा भोपाल
अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच, मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खेलों से सजे खेल गांव, हॉकी प्रशिक्षकों के कौशल विकास और सुखविंदर सिंह की लाइव प्रस्तुति के साथ भोपाल में एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जो खेल के साथ संस्कृति एवं मनोरंजन को भी नई पहचान देगा।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी और अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के लोकार्पण के माध्यम से भोपाल को खेलों के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। खेल, संस्कृति और जनभागीदारी के इस संगम से प्रदेश में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा और युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण, हॉकी का रोमांच और सुखविंदर सिंह की संगीत प्रस्तुति भोपालवासियों के लिए यादगार शाम बनने जा रही है।


