आखिरी ओवर तक चला रोमांच, परमीश्वरन ने पुडुचेरी को दिलाई यादगार जीत

0

नई दिल्ली : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में गुरुवार (26 नवंबर) को मध्य प्रदेश और पुडुचेरी के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में पुडुचेरी ने बड़ा उलटफेर करते हुए दो बार के आईपीएल चैंपियन कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई वाली मध्य प्रदेश की टीम को दो विकेट से हरा दिया। मुकाबले का फैसला आखिरी ओवर में हुआ, जहां पुडुचेरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। इस हार का असर एलीट ग्रुप-सी की अंकतालिका पर भी पड़ा और मध्य प्रदेश की टीम अंक तालिका में पुडुचेरी से पीछे खिसक गई।

मध्य प्रदेश और पुडुचेरी दोनों टीमों का यह 7वां मुकाबला था। अमन खान की कप्तानी वाली पुडुचेरी को आखिरी ओवर में परमीश्वरन सिवारमण ने चौथी गेंद पर छक्का लगाते हुए 2 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। पुडुचेरी की यह मौजूदा टूर्नामेंट में चौथी जीत थी और मध्य प्रदेश की टीम तीसरी हार के बाद अंकतालिका में भी पुडुचेरी से नीचे खिसक गई।

हर्ष गवाली की 72 रन की पारी पर फिरा पानी

मध्य प्रदेश की टीम इस मुकाबले में पहले खेलने उतरी और 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 157 रन ही बना सकी। ओपनिंग पर उतरे विकेटकीपर बल्लेबाज हर्ष गवाली ने 48 गेंद पर नाबाद 72 रन की पारी खेली लेकिन यह पारी टीम के काम नहीं आ सकी और बेकार साबित हुई। दूसरे छोर से कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक हर्ष का साथ नहीं दे पाया। सारांश जैन खाता भी नहीं खोल पाए और कप्तान रजत पाटीदार ने भी 17 गेंद खेलते हुए सिर्फ 18 रन बनाए।

पुडुचेरी के लिए गेंदबाजी में प्रणय सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 4 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा और सभी गेंदबाजों ने भी किफायती गेंदबाजी की। विजय राजा, बादल रावत और राघव गोयल को भी 1-1 विकेट मिला। 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुडुचेरी की शुरुआत अच्छी थी लेकिन बीच के ओवर्स में पारी लड़खड़ा गई।

एक छोर पर डटे रहे परमीश्वरन, मध्य प्रदेश के खिलाफ बने जीत के नायक

46 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद 76 रन पर पुडुचेरी के 4 विकेट हो गए थे और 106 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। टॉप 3 ने अच्छी शुरुआत टीम को दिलाई थी। ओपनर वेदांत भारद्वाज 26, राघव रामामूर्ति 24 और तीसरे नंबर पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज गौतम दिलीप ने 35 रनों का योगदान दिया। अंत में मोर्चा परमीश्वरन ने संभाला और 30 गेंद पर 46 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई।

मध्य प्रदेश-पुडुचेरी मैच के बाद एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार बेनतीजा कुल अंक नेट रन रेट
1 आंध्र प्रदेश (AP) 6 5 1 0 20 +1.808
2 हिमाचल प्रदेश (HP) 6 5 1 0 20 +1.499
3 केरल (KER) 6 4 2 0 16 +1.783
4 पुडुचेरी (PDC) 7 4 3 0 16 +0.504
5 मध्य प्रदेश (MP) 7 4 3 0 16 +0.349
6 महाराष्ट्र (MAH) 6 3 3 0 12 -0.908
7 त्रिपुरा (TRI) 6 0 6 0 0 -2.035
8 असम (ASM) 6 0 6 0 0 -3.188

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here