IND vs NZ: टी20-वनडे के बाद टेस्ट सीरीज जीतने उतरेगा भारत, WTC फाइनल पर नजर

0

नई दिल्ली : विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इस मुकाबले में भारत के सामने दोहरी चुनौती होगी। एक ओर उसे फाइनल की रेस में बने रहने के लिए जीत की दरकार है, तो दूसरी ओर वनडे और टी20 सीरीज के बाद अब टेस्ट सीरीज पर भी कब्जा जमाने का मौका है। ऐसे में भारतीय टीम इस दौरे का समापन जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

इसके अलावा भारतीय टीम मैनेजमेंट गेंदबाजी आक्रमण को लेकर कशमकश में भी होगा। पहले टेस्ट की तरह यहां की पिच भी शुरू में घास वाली दिख रही है लेकिन यह बाद में बल्लेबाजों के लिए बेहतरीन साबित हो सकती है, इसलिए कोच व कप्तान को हर फैसला सोच-समझकर लेना होगा। भारत ने पहले टेस्ट मैच में अधिकतर समय अपना दबदबा बनाए रखा लेकिन आखिर में यह मैच ड्रॉ हो गया जो मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के लिए बड़ा झटका था।

इसका कारण यह था कि आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली बेसिन रिजर्व की पिच सपाट हो गई थी। लेकिन पिच की प्रकृति में बदलाव के बावजूद इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता जसप्रीत बुमराह के पहली पारी के प्रयास और आकाश दीप की कुछ धारदार गेंदबाजी को छोड़कर भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया था।

बुमराह को छोड़ बाकी गेंदबाज रहे बेअसर

प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कम्बोज (दोनों पारियों में 45-45 ओवर) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। हालांकि गुरुवार को नेट सत्र को ध्यान में रखते हुए लग रहा है कि तेज गेंदबाजी आक्रमण में व्यापक बदलाव की संभावना नहीं है। जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, कम्बोज और प्रसिद्ध ने नेट पर गेंदबाजी नहीं की। आमतौर पर उन तेज गेंदबाजों को ही मैच से एक दिन पहले विश्राम दिया जाता है जिनकी अंतिम एकादश में जगह पक्की होती है। बुमराह को राष्ट्रीय चयनकर्ता रुद्र प्रताप सिंह के साथ बातचीत करते हुए देखा गया, जो संयोग से गुजरात टीम के उनके पूर्व साथी भी हैं।

गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा के साथ-साथ नेट पर जमकर अभ्यास करने वाले गेंदबाजों में औकिब नबी और अर्शदीप सिंह शामिल थे। आक्रमण में एकमात्र संभावित बदलाव बराड़ को प्रसिद्ध या कंबोज की जगह अंतिम एकादश में शामिल करना हो सकता है। स्थानीय खिलाड़ी मैट हेनरी और न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम दोनों ने स्वीकार किया कि भले ही वह इस मैदान पर अधिक गति और उछाल की उम्मीद करते हैं, लेकिन ऐसे उदाहरण भी देखने को मिले हैं जब पिच पहले दो दिनों के बाद बल्लेबाजों के लिए अनुकूल बन जाती है।

जुरेल और यशस्वी ने अभ्यास मैच में जड़े थे शतक, अब टेस्ट में भी बड़ी पारी की उम्मीद
वेस्टइंडीज ने पिछले साल हैगली ओवल में बड़े स्कोर वाला टेस्ट मैच ड्रॉ कराया था जबकि तीन सप्ताह पहले ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने भारत ए की तरफ से खेलते हुए यहां शतक बनाए थे। सिराज पर विश्वास की कमी के चलते गिल और गंभीर के विकल्प पहले ही सीमित हो गए हैं। गिल ने भले ही कहा है कि वेलिंगटन में सिराज को टीम से बाहर रखने का फैसला मुश्किल था लेकिन बेसिन रिजर्व जैसी नीरस पिच पर हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज की मौजूदगी से मैच के परिणाम में कोई खास फर्क पड़ने की संभावना नहीं थी।

यही स्थिति रविंद्र जडेजा की भी है, जिनकी सेना (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में बल्लेबाजी ऑलराउंडर के रूप में प्रतिष्ठा को भी भारी झटका लगा है, क्योंकि विपक्षी टीम के शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के कई बल्लेबाज होने के कारण वाशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी गई है। जडेजा हाल में जिस अंदाज में नजर आए उससे लग रहा था कि वह टीम प्रबंधन का विश्वास हासिल नहीं कर पाए हैं।

एक पूर्व टेस्ट खिलाड़ी ने पहले टेस्ट मैच से जडेजा को बाहर रखने पर गोपनीयता की शर्त पर टिप्पणी की थी, ”जडेजा अगर अपनी क्षमता का 70 प्रतिशत प्रदर्शन भी करते हैं तब भी वह अपनी एक क्षमता का 120 प्रतिशत प्रदर्शन करने वाले वाशिंगटन सुंदर की तुलना में हजार गुना बेहतर हैं।” संयोग से जब तक गिल ने वेलिंगटन में जब वाशिंगटन को गेंदबाजी के लिए बुलाया, तब तक जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर चुके थे और उन सभी बाएं हाथ के बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुके थे जिनके लिए वाशिंगटन को जडेजा पर तरजीह दी गई थी।

टीम इंडिया में हो सकता है बड़ा बदलाव, गुरनूर बराड़ को मिल सकता है मौका

अगर मौजूदा टीम प्रबंधन के काम करने के तरीके पर गौर किया जाए तो कुछ मामलों में उसकी प्राथमिकताएं बिल्कुल स्पष्ट हैं। गंभीर और गिल आठवें नंबर तक बल्लेबाज रखना चाहते हैं और नीतीश कुमार रेड्डी की गेंदबाजी इन परिस्थितियों में उतनी प्रभावी नहीं है, इसलिए थोड़ा अच्छी बल्लेबाजी करने वाले आकाश दीप और कम्बोज दोनों को अंतिम एकादश में रखने का फैसला किया गया। पहले टेस्ट मैच से हालांकि यह स्पष्ट हो गया है कि प्रसिद्ध और कम्बोज में से किसी एक को यहां बेंच पर बैठाया जा सकता है। अगर भारत एक बार फिर पहले गेंदबाजी करता है, तो बराड़ अपनी गति, उछाल और लंबे कद के दम पर इस पिच पर काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स जैसे खिलाड़ी बराड़ का सामना करने में थोड़ा असहज महसूस कर सकते हैं, जबकि कम्बोज का सामना करना अपेक्षाकृत आसान था। यहां तक ​​कि मध्य क्रम के बल्लेबाज डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के सामने भी बराड़ चुनौती पेश कर सकते हैं। संक्षेप में कहें तो अगर भारत को 20 विकेट चाहिए तो टीम प्रबंधन को अपनी मानसिकता में बदलाव करना होगा।

दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, साई सुदर्शन।

न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, नाथन स्मिथ, मैट फिशर, विल यंग, ​​डीन फॉक्सक्रॉफ्ट।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here