चाहर का गेंद से कमाल, महिपाल-अभिजीत के बल्ले से निकली फिफ्टी; बंगाल को मिली हार

0

नई दिल्ली : दीपक चाहर की कप्तानी में राजस्थान की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के 7वें चरण के मैच में बंगाल की टीम को 6 विकेट से हरा दिया। राजस्थान की जीत में टीम के कप्तान दीपक चाहर और अराफात खान की शानदार गेंदबाजी के साथ-साथ महिपाल लोमरोर और अभिजीत तोमर की अर्धशतकीय पारी का बड़ा योगदान रहा। राजस्थान के खिलाफ बंगाल के स्टार बॉलर मोहम्मद शमी एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हो पाए।

राजस्थान और बंगाल के बीच खेले गए मैच में बंगाल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में 20 ओवर में 9 विकेट पर 157 रन बनाए थे। इसके जवाब में राजस्थान की टीम ने 16.4 ओवर में 4 विकेट पर 162 रन बनाकर मैच को जीत लिया। महिपाल लोमरोर को उनकी 74 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रास्थान की ये 7वें मैच में 5वी जीत रही तो वहीं बंगाल की 7वें मैच में तीसरी हार रही।

महिपाल और अभिजीत के बल्ले से निकले शानदार अर्धशतक

राजस्थान के लिए ओपनर बैटर अभिजीत ने 52 गेंदों पर नाबाद 74 रन की पारी खेली जबकि 5वें नंबर पर बैटिंग करने आए महिपाल लोमरोर ने 35 गेंदों पर 74 रन बनाए और टीम को जीत तक ले गए। कप्तान कुणाल सिंह और मानव सुथार अपना खाता भी नहीं खोल पाए और डक पर आउट हो गए, लेकिन इसके बावजूद टीम को जीत मिली। कार्तिक शर्मा 6 रन बनाकर नाबाद रहे। बंगाल के लिए शमी ने 3 ओवर में 19 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला जबकि मुकेश कुमार और शयान घोष को 2-2 विकेट मिले।

दीपक चाहर की घातक गेंदबाजी, झटके तीन अहम विकेट

बंगाल के खिलाफ राजस्थान के कप्तान दीपक चाहर ने शानदार गेंदबाजी की और उन्होंने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए तो वहीं अराफात खान को भी 3 सफलता मिली, लेकिन 4 ओवर में उन्होंने 36 रन लुटाए। बंगाल के ओपनर अभिषेक पोरेल इस मैच में डक पर आउट हो गए तो वहीं कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 26 रन की पारी खेली। शाकिर हबीब गांधी ने 43 गेंदों पर 69 रन की सबसे बड़ी पारी खेली जबकि करन लाल ने 28 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here