भोपाल। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित इंडो-श्रीलंका ड्रॉप रोबॉल
सीरीज में भारत ने 4-1 से सीरीज जीतकर उपलब्धि हासिल की। भारतीय टीम में
रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज के शांतनु पांडे, दुर्गा राजपूत और रुकमणि
भिलाला ने शानदार प्रदर्शन टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। नगर के ही पंकज जैन
टीम के कोच के रूप में साथ रहे। खिलाड़ियों और प्रशिक्षक के नगर आगमन पर
संघ के पदाधिकारियों और नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।
जिला ड्रॉप रोबॉल संघ के पदाधिकारियों ने विशाल जुलुस निकाला। इसमें नगर
के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, नेताओं और खेलप्रेमियों ने
उनका स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम में सर्वाधिक नौ खिलाड़ी
मध्यप्रदेश से थे। मध्यप्रदेश के सौरभ राजपूत, गौतम राजपूत (होशंगाबाद),
विकास सिंह (बुदनी), शांतनु पांडे, दुर्गा राजपूत, रूकमणि भिलाला
(रायसेन), तनिष्क शर्मा (नरसिंहपुर), ज्योति यादव (भोपाल) और यशोदा साहू
(इंदौर) से शामिल थे। पंकज जैन को भारतीय टीम का मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त
किया गया था। पदक विजेताओं को जिला संघ के अध्यक्ष सतेंद्र पांडे, सचिव
हरपाल सिंह राजपूत, खेल प्रमोटर पामेश यादव, मनोज साहू, विक्की नागर,
विजय जैन, रविंद्र विजयवर्गीय, वरिष्ठ खिलाड़ी नरेंद्र शर्मा, जेपी शर्मा,
अंकित माहेश्वरी, कमलेश मेघानी एवं अन्य ने बधाई दी।

