भोपाल। कप्तान साद बग्गड़ (पांच विकेट) और आदित्य गौर (4 विकेट) की सटीक गेंदबाजी के दम पर मयंक अकादमी ने अरेरा को 129 रनों से हराकर डॉ. शफकत मोहम्मद मेमोरियल अंडर-18 टूर्नामेंट जीत लिया। ऑल सेंट मैदान पर शुक्रवार को खेले गए फाइनल में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने 35 ओवर के मैच में 176 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें अरबाजउद्दीन ने सर्वाधिक 40 रन की पारी खेली। अरेरा की ओर से गेंदबाज अभिषेक को तीन और अंकित को दो सफलताएं मिली। 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अरेरा क्रिकेट अकादमी की टीम 47 रन पर ही सिमट गई। इसमें क्षितिज (12) और ऋषभ (10) ही दहाई के आंकड़े में पहुंच सके। पुरस्कार वितरण सीमा खान, एएस सिंहदेव, ब्रजेश तोमर, उमर बाबा और अनवर उस्मानी ने किया।

