मप्र के निशानेबाजों ने लगाया डबल गोल्ड पर निशाना

0

डबल ट्रैप में मनीषा-वर्षा ने दिलाई चांदी
भोपाल। मप्र शूटिंग अकादमी के निशानेबाजों ने 61वीं शाॅटगन शूटिंग चैंपियनशिप में सोमवार को अपना स्वर्णिम प्रदर्शन जारी रखा। मध्यप्रदेश की टीम ने सीनियर और जूनियर वर्ग में डबल गोल्ड मेडल जीते हैं। वहीं प्रदेश की स्टार शूटर मनीषा कीर और वर्षा वर्मन ने सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। इसके साथ पदक तालिका में मध्यप्रदेश के पदकों की संख्या दस हो गई है। इसमें चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य शामिल हैं। दिल्ली की कर्ण सिंह अंतरराष्ट्रीय शूटिंग रेंज में चल रही चैंपियनशिप के डबल ट्रैप सीनियर टीम इवेंट में मध्यप्रदेश ने 203 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसमें मनीषा कीर ने 75, अनम बासित ने 70 और शालिनी यशवंत ने 58 अंक जुटाए।

इसी इवेंट में पंजाब (198) को दूसरा और महाराष्ट्र (188) को तीसरा स्थान मिला। वहीं जूनियर टीम इवेंट में मध्यप्रदेश ने 194 अंकाें के साथ सुनहरा तमगा जीता। इसमें मनीषा कीर ने 75, शैफाली रजक ने 67 और महिला विश्वकर्मा ने 52 अंक बटोरे। इस इवेंट में दिल्ली (178) को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
स्पर्धा के वुमेन डबल ट्रैप इवेंट में वर्षा वर्मन ने 87 मध्यप्रदेश को रजत दिलाया। इसमें श्रेयसी (92) को स्वर्ण और शगुन (84) को कांस्य मिला। वहीं मनीषा कीर (75) ने जूनियर वुमेन डबल ट्रैप में रजत जीता है। इसमें हरियाणा की भावना चौधरी (79) को रजत और दिल्ली की दिव्या सिंह (70) को कांस्य मिला। यह सभी खिलाड़ी शूटिंग अकादमी के मुख्यकोच मनशेर सिंह और कोच हेमराज राणा के मार्गदर्शन में इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं। निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और संचालक उपेंद्र जैन प्रसन्नता व्यक्त की है।