विधायक कप क्रिकेट में निक्कू ने एक ओवर में जड़े छह छक्के

0

भोपाल। निक्कू द्वारा छह गेंदों पर छह छक्कों की मदद से बनाए गए 55 रनों की मदद से गत विजेता साई इलेवन ने तिरंगा क्लब को 42 रनों से पराजित कर भेल के एफ-सेक्टर, बरखेडा खेल मैदान पर खेली जा रही विधायक कप टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दौर में प्रवेश किया। अन्य मुकाबलों में आरबीआई ने अयोध्या क्लब तथा एसजी इलेवन ने स्टार इलेवन को हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। आज मैचों के दौरान गोपाल तोमर से कराया गया। गत विजेता साई इलेवन ने सलामी बल्लेबाज निक्कू के मात्र 17 गेंदों पर 8 छक्कों की मदद से 54 व सचिन के 26 रनों के सहारे निर्धारित ओवरों में 3 विकेट पर 111 रन बनाए। निक्कू ने अकरम द्वारा फेके गए मैच के चौथे ओवर में सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के दागे। तिरंगा इलेवन की ओर से आदर्श ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए तिरंगा इलेवन 5 विकेट पर 69 रन बना सका। रज्जी ने 18 रन बनाए।

अन्य मैचों में अयोध्या इलेवन ने आरबीआई के विरूद्ध पहले खेलते हुए नीरज के 20 व पवन के 12 रनों की सहायता से सभी खिलाडी खोकर 48 रन बनाए। आरबीआई की ओर से अमित व अक्षय ने 3-3 विकेट अर्जित किये। तारिक 25 व फरहान 17 की नाबाद पारी के सहारे आरबीआई ने बिना विकेट खोए मात्र तीसरे ओवर में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। अंतिम मैच में स्टार इलेवन ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 47 रन बनाए। जिसमें भगवान ने 13 व वैभव ने 11 रन बनाए। एसजी इलेवन ने 4 विकेट खोकर जीत के लिए आवश्यक रन बना लिये। एसजी इलेवन से बंटी ने नाबाद 14 रन का योगदान टीम को दिया। स्टार इलेवन की ओर से सुमित ने 2 विकेट लिये।