भोपाल। पोस्टल इलेवन ने एनके राई क्रिकेट टूर्नामेंट के विभागीय वर्ग का खिताब जीत लिया है। उसने सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में सेंट्रल एक्साइज को 115 रनों से पराजित किया। ओल्ड कैंपियन मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए पोस्टल इलेवन ने 20 ओवर में 4/193 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें अमित (64), वैभव (38) और अभिषेक (28 रन) ने शानदार बल्लेबाजी की। जवाब में सेंट्रल एक्साइज 78 रन ही बना सकी। इसमें राजीव (35) के अलावा कोई बल्लेबाज पोस्टल इलेवन के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका।
पोस्टल इलेवन की ओर से योगेंद्र यादव ने चार और अभिषेक ने दो विकेट झटके। योगेन्द्र यादव मैन आॅफ फाइनल चुने गए। इससे पहले तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में बीयू ने एम्स को हराया। मुख्य पोस्ट मास्टर आलोक शर्मा ने पुरस्कार वितरण किया। इस दौरान अर्जुन अवॉर्डी जलालउद्दीन रिजवी मौजूद रहे।
यह रहे सर्वश्रेष्ठ: सर्वश्रेष्ठबल्लेबाज: मुकेश उपाध्याय एम्स, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज अंकित कुलकर्णी बीयू, मैन ऑफ सीरीज राजीव सेंट्रल एक्साइज।
सेंट्रल एक्साइज को 115 रनों से हराया, योगेंद्र बने मैन ऑफ फाइनल, अमित ने खेली 64 रनों की आतिशी पारी

