कोलंबो। अंतिम गेंद पर छक्का जमाकर दिनेश कार्तिक ने भारत को निदहास T-20 ट्राई सीरीज चैंपियन बना दिया। आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए पांच रन चाहिए था और स्ट्राइक पर दिनेश कार्तिक थे। कार्तिक ने कवर्स के ऊपर से जोरदार शॉट मारा, जो सीधा सीमा रेखा के पार गिरा और टीम को यादगार जीत मिली। फाइनल में खेली शानदार पारी के लिए दिनेश कार्तिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करने वाले वाशिंगटन सुंदर मैन ऑफ द सीरीज बने। कार्तिक ने नाजुक मौके पर टीम के लिए 29 रनों की अहम पारी खेली। उन्होंने महज आठ गेंदों पर 29 रन बनाए। इस पारी में कार्तिक ने दो चौके और तीन छक्के जमाए। जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, “ये मैच वाकई शानदार था। कोच रवि शास्त्री ने भी ट्वीटर पर टीम को जीत की बधाई दी।
इससे पहले बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत के लिए 167 रनों का टारगेट दिया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही थी। धवन और रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पहले दो ओवरों में ही टीम का स्कोर तीस के पार पहुंचा दिया था। मगर ज्यादा तेजी से रन बनाने के चक्कर में धवन आउट हो गए। धवन ने दस रन बनाए। इसके बाद आए रैना ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और लेग स्टंप के बाहर जाती गेंद को खेलने के चक्कर में विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। इसके बाद एक-एक कर विकेट गिरने लगे। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे। मगर पांचवीं गेंद पर विजय शंकर आउट हो गए। उस वक्त भारत को जीत के लिए दो गेंद पर पांच रन चाहिए थे। मगर विकेट गिरने के बाद आखिरी गेंद पर जीत के लिए पांच रनों की दरकार थी। जिसे कार्तिक ने छक्का जड़कर पूरा कर किया।
इससे पहले बांग्लादेश ने शब्बीर रहमान की 77 रनों की पारी की बदौलत 166 रन बनाए। रहमान ने अपनी इस पारी में सात चौके और 4 छक्के जमाए। शब्बीर के अलावा निचले क्रम में आए मेहदी हसन ने भी ताबड़तोड़ 19 रन बनाए। भारत की तरफ से युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट झटके और उनादकट के खाते में दो विकेट आए। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और चालीस रन के भीतर ही उसके तीन विकेट गिर गए थे। लिटन दास 11 रन तो सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने 15 रन बनाकर आउट हुए। लिटन दास को युजवेंद्र चहल ने अपना शिकार बनाया, तो वहीं लिटन दास को वाशिंगटन सुंदर ने चलता किया। वहीं तीसरे विकेट के रूप में सौम्य सरकार आउट हुए। वो केवल एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें चहल ने धवन के हाथों झिलवाया।
चहल ने फिर मुश्फिकुर रहीम को अपना शिकार बनाया। रहीम 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद महमुदुल्लाह भी रन आउट हो गए। मगर शब्बीर रहमान ने एक छोर संभाले रखा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मगर फिर भी टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज कर ली।

