भोपाल। मध्यप्रदेश बॉक्सिंग अकादमी की मुक्केबाज दिव्या पवार ने दूसरी यूथ नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। रोहतक (हरियाणा) में शुक्रवार को 54 किग्रा भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में दिव्या पवार ने छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी राजबाला को 5-0 से परास्त किया। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा की खिलाड़ी शिवानी को 4-1 से, क्वार्टर मणिपुर की सना थोइहेनम को 5-0 से और प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिल्ली की स्मिता को 5-0 से पराजित किया था। दिव्या की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और खेल संचालक उपेंद्र जैन ने खुशी जाहिर की है। बता दें कि दिव्या पवार तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रोशनलाल और सहायक प्रशिक्षक नेहा कश्यप के मार्गदर्शन में अपने खेल कौशल को निखार रहीं हैं।

