म. प्र.शूटिंग अकादमी में खिलाड़ियों को मिल रही अन्तर्राष्ट्रीय  खेल सुविधाएं सराहनीय-पद्मश्री जसपाल राणा

0
28वीं आॅल इंडिया जी.व्ही. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप का शुभारंभ
भोपाल। राजधानी के समीप बिशनखेड़ी स्थित म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी में आज सात दिवसीय 28वीं आॅल इंडिया जी.व्ही. मावलंकर शूटिंग चैम्पियनशिप-2018 का शुभारंभ हुआ। यह चैम्पियनशिप 30 सितंबर तक खेली जाएगी। संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस. एल. थाउसेन ने प्रतीक स्वरूप शाॅटगन से निशाना साधकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।  इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी अर्जुन अवार्डी पद्मश्री जसपाल राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे । चैम्पियनशिप के अंतर्गत पहले दिन खिलाड़ियों ने अभ्यास  किया। सोमवार और मंगलवार को ट्रेप के मुकाबले खेले जाएंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण  डाँ.  एस. एल. थाउसेन ने शूटिंग खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शूटिंग खेल की तीनों विधाओं पिस्टल, रायफल और शाॅटगन की अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय सुविधाएं राज्य शूटिंग अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 50 मीटर शूटिंग रेंज और हॉस्टल का विस्तार किया जा रहा है। खेल संचालक ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं के चलते हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश का परचम फहरा रहे हैं। उन्होंने चैम्पियनशिप में भागीदारी कर रहे सभी खिलाड़ियों का वेलकम किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।
खिलाड़ियों के लिए म.प्र. शूटिंग अकादमी बड़ी सौगात
कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्डी एवं पद्मश्री जसपाल राणा ने मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में विकसित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया के प्रयासों से भोपाल में स्थापित मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी  ऐसी पहली अकादमी है जहां शूटिंग खिलाड़ियों को इंटरनेशनल लेबल की फैसिलिटी उपलब्ध कराई जा रही है, यह खिलाड़ियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वे यहां आयोजित नेशनल कैंप में यूथ ओलंपिक के लिए चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
चैम्पियनशिप में पंजाब के राज्यपाल की भागीदारी
ऑल इंडिया जी. व्ही. मावलंकर शाटगन शूटिंग चैम्पियनशिप में पंजाब के राज्यपाल श्री वी. पी. सिंह बदनौर भी भागीदारी कर रहे हैं। वे वेटर्नस केटेगरी के ट्रैप इवेंट में प्रतिभा प्रदर्शन करेंगे। सोमवार को ट्रैप इवेंट में अभ्यास होगा जबकि मंगलवार को मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर संयुक्त संचालक डाँ. विनोद प्रधान एवं श्री बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में शूटिंग खिलाड़ी मौजूद थे।