नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में रविवार, 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन इस बड़े मैच से पहले सबकी नजरें संजू सैमसन पर टिकी हुई हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू का बल्ला इस सीजन अब तक खामोश रहा है, जिससे फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद और भी बढ़ गई है। खासकर चेन्नई के समर्थक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस अहम मुकाबले में संजू अपने फॉर्म में लौटें और टीम के लिए मैच विनिंग पारी खेलें।
RCB के खिलाफ जब संजू सैमसन मैदान पर होंगे, तो सभी को उनसे विस्फोटक पारी की उम्मीद होगी। इस दौरान उनके पास एक बड़ा मुकाम हासिल करने का सुनहरा मौका होगा, जिससे वह महज कुछ कदम दूर हैं। दरअसल, संजू सैमसन साल 2011 से T20 क्रिकेट में एक्टिव हैं और अब तक 396 छक्के लगा चुके हैं। उन्हें 400 T20 छक्कों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए अब सिर्फ 4 छक्कों की जरूरत है। अगर वह RCB के खिलाफ मैच में यह कारनामा कर लेते हैं, तो वह भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने 400 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं।
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। वहीं, दूसरे स्थान पर विराट कोहली और फिर सूर्यकुमार यादव का नंबर आता है। इनमें रोहित इकलौते ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने T20 क्रिकेट में 500 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज
- रोहित शर्मा- 553
- विराट कोहली- 440
- सूर्यकुमार यादव- 419
- संजू सैमसन- 396
- एमएस धोनी- 350
IPL 2026 के 11वें मैच में RCB की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर है। टीम ने सीजन के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था, जिसमें विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की थी। वहीं, CSK की शुरुआत खराब रही है और टीम लगातार दो मैच हार चुकी है, जिसमें पंजाब किंग्स के खिलाफ 209 रन बनाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद आज का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों टीमों में कई अनुभवी T20 खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।


