नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाला मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में बल्लेबाजों के हावी रहने की संभावना जताई जा रही है, जहां एक बार फिर हाई-स्कोरिंग गेम देखने को मिल सकता है।
इस मुकाबले में हैदराबाद की टीम अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना मैदान में उतरेगी, जो चोट की जांच के लिए ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं और उनकी वापसी 17 अप्रैल के आसपास मानी जा रही है। उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी और अब टीम उसी जीत की लय को कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। कप्तान ऋषभ पंत का ओपनिंग करने का फैसला सफल नहीं रहा और वह सिर्फ 7 रन ही बना सके। इससे टीम का बैलेंस भी बिगड़ा, क्योंकि एडेन मारक्रम को नीचे आना पड़ा। वहीं, निकोलस पूरन को फिनिशर की भूमिका देना भी अभी तक कारगर साबित नहीं हुआ है।
LSG की बल्लेबाजी में दिक्कतें रही हैं, लेकिन LSG की गेंदबाजी ने प्रभावित किया है। मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद शमी ने भी किफायती गेंदबाजी की। वहीं SRH की गेंदबाजी कागज पर कमजोर दिखती है, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने आलोचकों को गलत साबित किया। नितीश कुमार रेड्डी ने साफ कहा कि गेंदबाजी उनकी कमजोरी नहीं है।
हैदराबाद की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है और इस बार भी कुछ अलग होने की उम्मीद नहीं है। पिच पर रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। 210-220 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जाएगा। यह डे मैच है, इसलिए टॉस का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। ओस भी कोई बड़ी भूमिका नहीं निभाएगी। ऐसे में फैंस को एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मैच देखने को मिल सकता है।


