नई दिल्ली : भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। सीरीज का पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें भारतीय दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर होंगी। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी लंबे अंतराल के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में चोट के कारण बाहर रहे विराट कोहली अब पूरी तरह फिट होकर टीम में लौटे हैं। कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम को विदेशी धरती पर पहली वनडे सीरीज जीत की तलाश है। दूसरी ओर, इंग्लैंड ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान मैच से एक दिन पहले ही कर दिया था।
इस वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम के पास रोहित शर्मा, विराट कोहली, कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के रूप में दमदार बल्लेबाजों की फौज है, जो किसी भी मैच का रुख पलट सकती है। धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह लंबे समय बाद इस फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। वह 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे मैच खेलेंगे। अर्शदीप सिंह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में निश्चित रूप से टीम को एक नया आयाम देंगे। वहीं, हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम का टी20 सीरीज जीतने के बाद मनोबल सातवें आसमान पर होगा। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात ये है कि उन्होंने अपने आखिरी वनडे सीरीज में अफगानिस्तान को हराया था।
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक कड़ी टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमें 110 मुकाबलों में आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें भारतीय टीम ने 61 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड को 44 मुकाबलों में सफलता मिली है। आंकड़ों के लिहाज से भारत का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में 3 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल सका, जबकि 2 मुकाबले टाई रहे। अब सभी की नजरें इस नई वनडे सीरीज पर होंगी, जहां भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड की चुनौती का सामना करेगी और अपने मजबूत रिकॉर्ड को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
इंग्लैंड की प्लेइंग 11: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
भारत की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।


