लंदन : इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने प्रतिष्ठित बैलोन डी’ओर पुरस्कार जीतकर अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस सम्मान के बाद उन्हें दुनियाभर से बधाई संदेश मिले, लेकिन भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली की शुभकामनियां उनके लिए खास रहीं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केन ने खुलासा किया कि कोहली के अलावा डेविड बेकहम, टॉम ब्रैडी और उनके करीबी दोस्त एड शीरन ने भी उन्हें बधाई दी। खेल और मनोरंजन जगत की इन दिग्गज हस्तियों के संदेश पाकर केन भावुक हो गए।
बायर्न म्यूनिख और एटलेटिको मैड्रिड के बीच चैंपियंस लीग मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में केन से पूछा गया कि क्या किसी खास व्यक्ति के बधाई संदेश ने उन्हें आश्चर्यचकित किया। इस पर इंग्लैंड के कप्तान ने विराट कोहली का नाम लिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केन ने कहा, ‘जिन लोगों को मैं अपना आदर्श मानता हूं, उनमें से कई ने मुझे संदेश भेजे। डेविड बेकहम, टॉम ब्रैडी और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के अलावा मेरे अच्छे दोस्त एड शीरन ने भी मुझे बधाई दी। मैं हर एक संदेश के लिए बेहद आभारी हूं।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि मैंने इस बात का अंदाजा कम लगाया था कि कितने लोग मुझे यह पुरस्कार जीतते हुए देखना चाहते थे। आप उम्मीद करते हैं कि आपके दोस्त और परिवार वाले आपके लिए खुश होंगे, लेकिन सोशल मीडिया पर मिले प्यार और उन लोगों के संदेशों ने मुझे अभिभूत कर दिया, जिनके पास मेरा नंबर तक नहीं था। इससे मुझे एहसास हुआ कि यह उपलब्धि कितनी बड़ी थी और कितने लोग वास्तव में मेरे लिए खुश थे।’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हैरी केन के बैलोन डी’ओर जीतने के एक दिन बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके लिए खास संदेश लिखा था। कोहली ने केन की मेहनत, धैर्य और खेल के प्रति ईमानदारी की तारीफ करते हुए उन्हें इस सम्मान का हकदार बताया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कोहली ने लिखा था, ‘हैरी, मेरे दोस्त, आप इस पुरस्कार के हर हिस्से के हकदार हो। शीर्ष स्तर पर इतने वर्षों तक फुटबॉल खेलते हुए जिस धैर्य, मेहनत और ईमानदारी के साथ आपने खुद को पेश किया है, वह काबिलेतारीफ है। आपके लिए बेहद खुश हूं। भगवान आपको और आपके परिवार को आशीर्वाद दें। उन्हें आप पर बहुत गर्व होगा, ठीक वैसे ही जैसे आपको अपनी इस यात्रा पर होगा। मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं। बधाई।’
हैरी केन यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने वाले पांचवें इंग्लिश खिलाड़ी बने। उनसे पहले स्टेनली मैथ्यूज (1956), बॉबी चार्ल्टन (1966), केविन कीगन (1978 और 1979) तथा माइकल ओवेन (2001) यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। केन के शानदार प्रदर्शन ने 2026 फीफा विश्व कप में इंग्लैंड को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 1966 में विश्व कप जीतने के बाद टूर्नामेंट में यह इंग्लैंड का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके अलावा, पिछले सीजन केन यूरोप के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे और बायर्न म्यूनिख के साथ बुंडेसलीगा खिताब, डीएफबी-पोकल तथा फ्रांज बेकनबावर सुपरकप भी जीते। इस तरह बैलोन डी’ओर जीतकर उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली।


