28 साल बाद फिर बना अनोखा संयोग, एक ही दिन खेलेंगी दो भारतीय क्रिकेट टीमें

0
नई दिल्ली : जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 28 सितंबर को सीधे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उतरेगी। इसी दौरान वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर होगी, जहां दोनों टीमों के बीच 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद 6 अक्टूबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का आगाज होगा। इस दौरान एक ऐसा समय भी हो सकता है जब भारत की दो टीमें एकसाथ मैदान पर उतर सकती हैं। आपको बता दें पहले भी 28 साल पूर्व ऐसा हो चुका है जब एक ही दिन भारत की दो टीमें खेलने उतरी थीं। 1998 में भारत की एक टीम मलेशिया में कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने उतरी थी और उसी दिन दूसरी टीम टोरंटो में सहारा कप खेल रही थी।
जब 28 साल पहले एक दिन खेली थीं भारत की दो टीमें, अब फिर बनने जा रहा है वही संयोग

वह ऐतिहासिक दिन था 12 सितंबर 1998 का जब भारत की दो क्रिकेट टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग जगह मैदान पर उतरी थीं। कॉमनवेल्थ गेम्स, क्वालालांपुर में सचिन तेंदुलकर,अनिल कुंबले, अजय जडेजा और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों से सजी भारतीय टीम कनाडा के खिलाफ उतरी थी और 112 रन से मुकाबला जीता था। उसी दिन टोरंटो में मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, और जवागल श्रीनाथ जैसे दिग्गजों वाली टीम ने सहारा फ्रेंडशिप कप में पाकिस्तान का सामना किया था और 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।

3 अक्टूबर को दो भारतीय टीमें उतरेंगी मैदान पर

दरअसल भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली वनडे सीरीज का तीसरा व निर्णायक मुकाबला 3 अक्टूबर 2026 को मुल्लांपुर न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। उसी दिन जापान में एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का गोल्ड मेडल व ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम अगर फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल मैच तक पहुंची तो 28 साल बाद फिर ऐसा संयोग बनेगा जब भारत की 2 टीमें मैदान पर उतर सकती हैं।

भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज का शेड्यूल
  • पहला वनडे: 27 सितंबर 2026, तिरुवनंतपुरम (दोपहर 2 बजे IST)
  • दूसरा वनडे: 30 सितंबर 2026, गुवाहाटी (दोपहर 2 बजे IST)
  • तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर 2026, न्यू चंडीगढ़ (दोपहर 2 बजे IST)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here