IND W vs SL W: टीम इंडिया का लगातार 10वां फाइनल, 2024 में श्रीलंका ने ऐसे छीना था खिताब

0

नई दिल्ली: महिला एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में रविवार (13 सितंबर 2026) को भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय महिला टीम लगातार 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले खेले गए सभी नौ संस्करणों में भी भारत ने खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। टीम इंडिया अब तक सात बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है और इस बार उसकी नजरें आठवीं ट्रॉफी जीतने पर होंगी।

भारत के अलावा एक-एक बार बांग्लादेश और श्रीलंका ने यह खिताब जीता है। श्रीलंका ने 2024 में भारत को हराकर ही खिताब जीता था। दो साल पहले इस फाइनल मुकाबले में श्रीलंका की 2 स्टार खिलाड़ियों ने भारत से जीत छीन ली थी। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना की 60 रन की पारी बेकार साबित हो गई थी। अगर उस हार की कहानी को विस्तार से समझें तो श्रीलंकाई कप्तान चमारी अट्टापट्टू और मौजूदा उपकप्तान हर्षिता समराविक्रमा ने भारत से जीत छीन ली थी।

165 रन बनाने के बाद भी हार गई थी टीम इंडिया

2024 में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए महिला टी20 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 47 गेंद पर 60 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। उसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 16 गेंद पर 29 और ऋचा घोष ने 14 गेंद पर 30 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। भारत ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 165 रन बनाए थे।

श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं थी और दूसरे ओवर में ही 7 रन पर पहला झटका विष्मी गुणारत्ने के रूप में लगा था। उसके बाद भारतीय टीम के हाथों से मैच फिसलता गया। क्योंकि कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 43 गेंद पर 61 और हर्षिता समराविक्रमा ने 51 गेंद पर नाबाद 69 रन बनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े थे।

बचा हुआ काम काविशी दिलहारी ने किया था और 16 गेंद पर नाबाद 30 रन बनाते हुए 73 रन की नाबाद पार्टनरशिप हर्षिता के साथ की थी। श्रीलंका ने 18.4 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया था। इस तरह श्रीलंकाई टीम पहली बार महिला एशिया कप का खिताब जीती थी।

फाइनल में श्रीलंका से रहना होगा सावधान, भारत के लिए आसान नहीं होगी चुनौती

भारतीय टीम को इस बार भी श्रीलंका की टीम से सावधान रहना होगा। कप्तान चमारी अट्टापट्टू की ओर से अभी पूरे टूर्नामेंट में बड़ी पारी देखने को नहीं मिली है, लेकिन फाइनल में वह भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकती हैं। वहीं हर्षिता और काविशी ने सेमीफाइनल में शानदार साझेदारी कर पाकिस्तान के हाथ से मैच छीन लिया था। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के सामने इन तीनों खिलाड़ियों को रोकने की बड़ी चुनौती होगी। हालांकि, टीम इंडिया की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और प्रेमा रावत शानदार लय में हैं। ऐसे में भारत और श्रीलंका के बीच एक रोमांचक और कांटे का फाइनल मुकाबला देखने को मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here