कनमड़ीकर ट्रॉफी: भोपाल डिवीजन की लगातार दूसरी जीत, पहली पारी की बढ़त के आधार पर जबलपुर को हराया

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल:  मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) द्वारा आयोजित ए. डब्लू. कनमड़ीकर ट्रॉफी अंडर-13 बॉयज इंटर डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। इंदौर के RBCS मैदान पर खेले गए दो दिवसीय मुकाबले में भोपाल डिवीजन ने जबलपुर डिवीजन के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट में भोपाल की लगातार दूसरी जीत है, जिससे टीम ने 3 अंक हासिल किए हैं।

मैच के दूसरे दिन भोपाल डिवीजन ने अपनी बल्लेबाजी का दमदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 90 ओवरों में 9 विकेट खोकर 322 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भोपाल की ओर से शिवांशु मिश्रा ने सर्वाधिक 68 रनों की पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक यादव ने 63 रन, समर्थ पुनताम्बेकर ने 57 रन और वेदांश मजोका ने 40 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जबलपुर डिवीजन की ओर से गेंदबाजी करते हुए शिवम सिंह ने 3 विकेट झटके, जबकि यश पटेल और दिव्यांश सिंह को 2-2 सफलताएँ मिलीं।

जवाब में, मैच के अंतिम दिन का खेल खत्म होने तक जबलपुर डिवीजन ने अपनी दूसरी पारी में बिना किसी बड़े नुकसान के 25 रन बना लिए थे। हालांकि, पहली पारी में पिछड़ने के कारण जीत का फैसला भोपाल के पक्ष में रहा। भोपाल के शिवांशु मिश्रा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (68 रन और 4 विकेट) के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।  भोपाल संभाग क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. सुशील सिंह ठाकुर ने टीम की इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here