एनएसटी न्यूज, भोपाल: जयपुर में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–2 में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी लगा दी है। 5 अप्रैल को हुई इस प्रतियोगिता में अकादमी के एथलीटों ने न केवल पदक जीते, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का गौरव बढ़ाया। विशेष रूप से पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में कुलदीप कुमार ने 5.25 मीटर का शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करने के साथ-साथ आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में महिला 1500 मीटर दौड़ में अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी कु. दीक्षा ने अपनी रणनीति और गति का परिचय देते हुए 4:25.74 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, महिला पोल वॉल्ट में नितिका आक्रे ने 3.80 मीटर की ऊंचाई पार कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। पुरुष पोल वॉल्ट में जहां कुलदीप कुमार ने स्वर्ण जीता, वहीं उनके साथी खिलाड़ी देव मीना ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
मैदानी स्पर्धाओं में भी मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। पुरुष हाई जंप में आदित्य रघुवंशी ने 2.00 मीटर की ऊंचाई के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि ट्रिपल जंप स्पर्धा में कृष्ण यादव ने 14.78 मीटर की छलांग लगाकर प्रदेश की झोली में एक और कांस्य पदक डाला।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह खिलाड़ियों की मेहनत और अकादमी में मिल रहे आधुनिक प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुलदीप कुमार जैसे खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी तिरंगा फहराएंगे। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश खेल अकादमी द्वारा दिए जा रहे वैज्ञानिक प्रशिक्षण और अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन से राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।


