भोपाल। तात्या टोपे स्टेडियम स्थित स्क्वैश कोर्ट पर मध्यप्रदेश स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मध्यप्रदेश स्टेट स्क्वैश चैंपियनशिप का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में अभिषेक बनोधा और ऐशनी पाठक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग के खिताब अपने नाम किए। वहीं ऐशनी पाठक ने अंडर-19 गर्ल्स वर्ग का खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। पुरुष वर्ग के फाइनल में अभिषेक बनोधा का मुकाबला उनके बड़े भाई आकाश बनोधा से हुआ। मैच की शुरुआत में आकाश ने पहला सेट 11-7 से जीतकर बढ़त बना ली, लेकिन इसके बाद अभिषेक ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट 11-6, 11-8 और 11-8 से जीतकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
महिला वर्ग के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त ऐशनी पाठक ने शीर्ष वरीयता प्राप्त सी. बेंजामिन को 9-11, 11-2, 11-5 और 11-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। ऐशनी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल में लालिमा मिश्रा को 11-2, 11-1 और 11-3 से आसानी से पराजित कर दूसरा खिताब भी जीत लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्पोर्ट्स प्रमोटर ग्रुप के संरक्षक एवं मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के लाइफटाइम मेंबर अरुणेश्वर सरन सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश खिलाड़ी एवं कोच गजेंद्र सिंह के साथ विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में एसआरएफआई के टूर्नामेंट एडमिनिस्ट्रेटर आशुतोष शर्मा, विजित राज ऋषि और डॉ. जितेंद्र बागरे ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक अंडर-9 वर्ग में युवान बंडी विजेता और अथर्व मित्तल उपविजेता रहे। अंडर-11 वर्ग में हर्षवीर ने खिताब जीता, जबकि हुसैन देवासवाला दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-13 वर्ग में नक्षत्र गंगवानी विजेता और युवराज उदासी उपविजेता बने। अंडर-15 में मोहम्मद तोहीद तनवीर ने जीत दर्ज की तथा सोहम नागदा उपविजेता रहे। अंडर-17 वर्ग में शेरबीर सिंह पुनिया विजेता और तन्मय उपविजेता रहे। अंडर-19 वर्ग में भव्यराज सिंग्ज ने खिताब जीता जबकि अभिनेन्द्र सिंह यादव उपविजेता रहे।
बालिका वर्ग में अंडर-9 में यशश्वी ने खिताब जीता और अनिका बाजपेई उपविजेता रहीं। अंडर-11 वर्ग में सृष्टि मिश्रा विजेता बनीं, जबकि अनिका बाजपेई ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। अंडर-13 वर्ग में शरन्या ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।


