नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के ग्रुप सी के दूसरे मैच में हरियाणा और पंजाब के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अभिषेक शर्मा की कप्तानी वाली पंजाब की टीम यह मैच सुपर ओवर में हार गई। मैच में अंशुल कम्बोज का प्रदर्शन शानदार रहा, खासकर सुपर ओवर में उन्होंने बैक-टू-बैक दो विकेट लेकर हरियाणा को जीत दिलाई। हरियाणा की टीम पहले मैच में पुडुचेरी के खिलाफ करीबी मुकाबला 5 रन से हारने के बाद यह मुकाबला सुपर ओवर में जीती। इस मैच में पहले खेलते हुए हरियाणा ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 207 रन बनाए थे। निशांत सिंधू ने 33 गेंद पर ताबड़तोड़ 61 रन की पारी खेली थी। वहीं कप्तान अंकित कुमार ने 26 गेंद पर 51 रन बनाए थे।
अभिषेक शर्मा का बल्ले से फीका प्रदर्शन
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। कप्तान अभिषेक शर्मा सिर्फ 5 गेंदों में 6 रन ही बना पाए। दूसरे ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और केवल 20 रन ही जोड़ पाए। इसके बाद अनमोलप्रीत सिंह ने 81 रन की जोरदार पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। अंत में सनवीर सिंह ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए और पंजाब ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 207 रन बनाए, जिससे मैच टाई हो गया।
सुपर ओवर में अंशुल कम्बोज ने दिखाई धाकड़ गेंदबाजी
20 ओवर के मुकाबले में अंशुल कम्बोज ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए और सुपर ओवर में भी शानदार गेंदबाजी की। पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब की टीम सुपर ओवर में 1 रन पर ऑलआउट हो गई। अंशुल ने अभिषेक शर्मा और सनवीर सिंह को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। हरियाणा ने केवल 4 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया, जिसमें निशांत सिंधू ने चौका लगाकर टीम को सुपर ओवर में जीत दिलाई।

