नई दिल्ली : इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच हाल ही में 2 मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज़ खेली गई, जो 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। अब दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज़ खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 13 नवंबर से होगी। इस वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है, और सभी की निगाहें अब इस रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं जहाँ युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में इंडिया ए टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी जबकि टीम में इशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रियान पराग, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा जैसे स्टार खिलाड़ी भी मौजूद हैं, लेकिन इन सबमें सबसे ज्यादा निगाहें अभिषेक शर्मा पर रहने वाली है।
अभिषेक शर्मा के सामने बड़ा मौका, प्रदर्शन से कर सकते हैं सबको प्रभावित
अभिषेक शर्मा ने भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह मजबूत बना ली है, लेकिन वनडे सेटअप में वह अब तक अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं हुए हैं। आगामी वनडे सीरीज़ उनके लिए 50-ओवर के प्रारूप में खुद को साबित करने का सुनहरा मौका साबित हो सकती है। उनकी शानदार फॉर्म और आक्रामक बल्लेबाज़ी को देखते हुए टीम मैनेजमेंट और फैन्स दोनों को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी। ऑस्ट्रेलिया में 5 मैचों की टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले अभिषेक शर्मा के पास साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की क्लास लगाने का शानदार मौका है।
अभिषेक शर्मा का लिस्ट ए में तूफानी प्रदर्शन, जड़े 170 रन
भारतीय वनडे टीम में जगह बनाने को प्रयासरत अभिषेक शर्मा ने लिस्ट ए में अब तक बहुत अच्छा प्रदर्शन तो नहीं किया है, लेकिन उनके आंकड़े इतने भी बुरे नहीं हैं। उन्होंने अब तक 63 मैचों की 62 पारियों में 34.50 की औसत के साथ 2026 रन ठोके हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 8 अर्धशतक भी लगाए हैं। लिस्ट में उनकी अब तक की बेस्ट पारी नाबाद 170 रन की रही है जबकि इन मैचों में उनके बल्ले से 243 चौके और 64 छक्के निकले हैं।
साउथ अफ्रीका ए टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, इशान किशन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, विपराज निगम, मानव सुथार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।


